Breaking News: पूर्व IPS अधिकारी और महावीर मंदिर न्यास के सचिव किशोर कुणाल का निधन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (29 दिसंबर 2024): पूर्व IPS अधिकारी और महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल का रविवार सुबह कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया। उन्हें तुरंत महावीर वात्सल्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 74 वर्ष की आयु में उनका देहांत हुआ। उनके निधन से समाज में शोक की लहर फैल गई है।
आचार्य किशोर कुणाल का जन्म 10 अगस्त 1950 को मुजफ्फरपुर के बरुराज गांव में हुआ था। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से इतिहास और संस्कृत में स्नातक किया और 1972 में गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी बने। 1983 में वे पटना के एसएसपी बने। सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कई सामाजिक और धार्मिक कार्य किए।

आचार्य किशोर कुणाल ने महावीर मंदिर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उनके प्रयासों से कई स्कूल और अस्पताल स्थापित हुए। अयोध्या के श्रीराम मंदिर निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। हाल ही में उन्होंने मुजफ्फरपुर के साहू पोखर और साहू मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू किया था।
उनके निधन पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने गहरा शोक व्यक्त किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किशोर कुणाल जी का जीवन समाज और संस्कृति के उत्थान के लिए समर्पित था। उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
अस्पताल में उनके पार्थिव शरीर के साथ उनके बेटे शायन कुणाल, बहू सांसद शांभवी, और समधी मंत्री अशोक चौधरी मौजूद थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।