जलभराव से जूझ रही दिल्ली, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव का सरकार पर आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (29 अगस्त 2025): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में लगातार हो रही बारिश के बीच उत्पन्न जलभराव की गंभीर स्थिति पर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अनाधिकृत और पुनर्वास कॉलोनियों, जे.जे. क्लस्टरों, शहरी व ग्रामीण गांवों में रहने वाले गरीब लोग भयंकर पीड़ा झेल रहे हैं, मगर सरकार त्वरित कदम उठाने में पूरी तरह विफल रही है।

कांग्रेस नेता यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पदभार संभालते ही मार्च महीने में दावा किया था कि दिल्ली में जलभराव की समस्या नहीं होगी और जनता को राहत देना सरकार की पहली जिम्मेदारी होगी। लेकिन आज हालात इसके बिल्कुल उलट हैं। दिल्ली की सड़कों, बाजारों और बस्तियों में 2-3 फीट तक पानी भर रहा है, जिससे लोगों का जीवन नरक बन गया है। वहीं उफनती यमुना के खतरे का निशान पार करने से राजधानी पर बाढ़ का दोहरा संकट मंडरा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल फोटो और बयानबाजी तक सीमित हैं जबकि हकीकत यह है कि लोग घर से बाहर निकलते ही पानी और गंदगी से जूझने को मजबूर हैं। कनॉट प्लेस, चाणक्यपुरी, दक्षिण दिल्ली और एनडीएमसी क्षेत्र जैसे वीआईपी इलाकों में भी बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या गंभीर है। आनंद विहार आईएसबीटी, अक्षरधाम, मुंडका, घेवरा, नजफगढ़, पीरागढ़ी जैसे क्षेत्रों में तो हालात और भी खराब हैं, जहां टूटी सड़कों और भारी जलभराव ने लोगों का घंटों समय बर्बाद कर दिया है।

यादव ने कहा कि सीवेज पंपिंग स्टेशन की कमी और निगम द्वारा डिसिल्टिंग में हुए भ्रष्टाचार के कारण जलभराव स्थाई संकट बन चुका है। पीडब्ल्यूडी ने 30 जून तक डिसिल्टिंग का काम पूरा करने का दावा किया था, लेकिन मानसून की पहली ही बारिश ने सरकार की पोल खोल दी। यदि गाद निकाली गई थी तो आज जलभराव क्यों है? यह स्थिति स्पष्ट करती है कि डिसिल्टिंग का काम अधूरा या भ्रष्टाचार से ग्रस्त है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि मुख्यमंत्री संबंधित विभागों और एजेंसियों से रिपोर्ट मांगें और जांच कराएं कि नालों-नालियों से गाद निकालने का काम क्यों पूरा नहीं हुआ। साथ ही जिन ठेकेदारों और एजेंसियों ने यह काम किया है, उनकी जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार खोखले दावे कर रही है, जबकि गरीब और आम जनता बारिश में डूबती दिल्ली के संकट से त्रस्त है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।