दिल्ली में वायु प्रदूषण घटा रहा है जीवन प्रत्याशा, शिकागो विश्वविद्यालय की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (29/08/2025): राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति पर शिकागो विश्वविद्यालय की नई रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर अगर इसी तरह बना रहा तो यहां के लोगों की औसत आयु 8.2 वर्ष तक घट सकती है। हालांकि फिलहाल मानसून के कारण हवा कुछ साफ है, लेकिन लंबे समय से प्रदूषण पर ठोस और स्थायी उपाय न होने के कारण हालात में सुधार नहीं दिख रहा है।

पीएम 2.5 स्तर WHO मानक से 20 गुना ज्यादा

शिकागो विश्वविद्यालय की वायु गुणवत्ता जीवन सूचकांक (AQLI) रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली में सूक्ष्म कण पदार्थ (PM 2.5) का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की सीमा से करीब 20 गुना अधिक है। साल 2023 में यह स्तर 111.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जबकि WHO की तय सीमा सिर्फ 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है। यह असमानता बताती है कि राजधानी की हवा कितनी जहरीली हो चुकी है।

दिल्लीवासियों पर सबसे ज्यादा असर

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि प्रदूषित हवा के कारण दिल्लीवासियों की जीवन प्रत्याशा में कमी दुनिया के अन्य शहरों की तुलना में सबसे ज्यादा है। जहरीली हवा हर उम्र के लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रही है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार व्यक्तियों के लिए यह स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रही है।

सिंधु-गंगा का मैदान सबसे प्रदूषित क्षेत्र

दिल्ली के अलावा पूरा सिंधु-गंगा का मैदान वायु प्रदूषण की चपेट में है। इस क्षेत्र में प्रदूषण से जुड़े स्वास्थ्य बोझ सबसे ज्यादा दर्ज किए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर अंकुश लगाना, औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रित करना और पराली जलाने की समस्या का समाधान करना ही स्थिति को सुधारने का एकमात्र रास्ता है।

AQLI रिपोर्ट से मिली चेतावनी

शिकागो विश्वविद्यालय के ऊर्जा नीति संस्थान (EPIC) ने 2025 की AQLI रिपोर्ट तैयार की है। यह रिपोर्ट उपग्रह से प्राप्त PM 2.5 आंकड़ों पर आधारित है और वैश्विक स्तर पर प्रदूषण के असर का आकलन करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर तुरंत और कड़े कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले वर्षों में दिल्लीवासियों के जीवन की गुणवत्ता और भी अधिक प्रभावित होगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।