Delhi Election: नकद पैसे ट्रांसफर के आरोप, एलजी ने मुख्य सचिव और पुलिस कमिश्नर को जारी किए निर्देश
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (28 दिसंबर, 2024): दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) कार्यालय ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के संदर्भ में पंजाब से दिल्ली में नकदी (करोड़ों में) लाने के आरोपों को लेकर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में एलजी के प्रधान सचिव ने दिल्ली के मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है।
पत्र में पूर्व सांसद संदीप दीक्षित द्वारा किए गए आरोपों का उल्लेख किया गया है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) की पंजाब सरकार दिल्ली में नकदी पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नकदी ले जाने वाले निजी वाहनों को पंजाब पुलिस की एस्कॉर्ट सुविधा के साथ दिल्ली लाया जा रहा है।
पत्र में उपराज्यपाल ने चुनावों के दौरान अवैध धन के उपयोग की संभावना को गंभीरता से लेते हुए सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई है। उन्होंने कहा कि यह न केवल भारतीय दंड संहिता की धारा 170 और 171 के तहत अपराध है, बल्कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत भी गंभीर उल्लंघन है।
उपराज्यपाल ने निर्देश दिया है कि दिल्ली पुलिस आयुक्त सीमा पर वाहनों की जांच करें और संबंधित राज्यों के डीजीपी (पंजाब, हरियाणा और राजस्थान) को इस बारे में जागरूक करें। साथ ही, मुख्य सचिव से आग्रह किया गया है कि इस मामले को मुख्य निर्वाचन अधिकारी के संज्ञान में लाया जाए ताकि आगामी चुनावों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।
यह कदम दिल्ली चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।