पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह: परिवार, संपत्ति और जीवन का अद्वितीय सफर
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (28 दिसंबर 2024): भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर की रात 9:50 बजे निधन हो गया। 92 वर्षीय सिंह को दिल्ली के एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घर पर तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रात 8 बजे अस्पताल ले जाया गया था। उनकी विदाई से पूरा देश शोक में है। आइए जानते हैं उनके जीवन और परिवार के बारे में विस्तार से।
परिवार में कौन-कौन हैं?
डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पंजाब (अब पाकिस्तान में) गुरमुख सिंह और अमृत कौर के घर हुआ। मां के निधन के बाद उनका पालन-पोषण उनकी नानी के घर हुआ। 1958 में उन्होंने गुरशरण कौर से शादी की। दोनों की तीन बेटियां हैं उपिंदर सिंह, दमन सिंह और अमृत सिंह।
उपिंदर सिंह
डॉ. मनमोहन सिंह की बड़ी बेटी उपिंदर सिंह इतिहासकार हैं और अशोका विश्वविद्यालय से जुड़ी हुई हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय में इतिहास विभाग की प्रमुख भी रह चुकी हैं। उपिंदर को कैम्ब्रिज, हार्वर्ड और लीडेन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से फेलोशिप मिली है। उनकी शादी विजय तन्खा से हुई, जिनके दो बच्चे हैं।
दमन सिंह
दूसरी बेटी दमन सिंह एक लेखिका हैं। उन्होंने अपने माता-पिता पर आधारित पुस्तक ‘स्ट्रिक्टली पर्सनल: मनमोहन और गुरशरण’ लिखी है। इसके अलावा, उनकी किताबें ‘सेक्रेड ग्रोव’ और ‘नाइन बाय नाइन’ भी प्रसिद्ध हैं। दमन सिंह की शादी अशोक पटनायक से हुई है, जो एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और नैटग्रिड के सीईओ रह चुके हैं।
अमृत सिंह
सबसे छोटी बेटी अमृत सिंह मानवाधिकार वकील हैं और स्टैनफोर्ड लॉ स्कूल में प्रोफेसर हैं। उन्होंने येल, ऑक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज से कानून की पढ़ाई की है। अमृत कई अंतरराष्ट्रीय मंचों, जैसे यूरोपीय न्यायालय और अफ्रीकी मानवाधिकार न्यायालय से भी जुड़ी रही हैं।
डॉ. सिंह की संपत्ति और साधारण जीवनशैली
डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन सादगी का प्रतीक रहा। उनके 2018 के हलफनामे के अनुसार, उनके पास 15.77 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। इसमें चंडीगढ़ और दिल्ली में घर, बैंक डिपॉजिट, 30,000 रुपये नकदी और 3.86 लाख रुपये के सोना-चांदी शामिल थे। उनका सबसे चर्चित वाहन मारुति 800 कार थी, जो उनकी सादगी का प्रतीक मानी जाती है।
2013 में उनके एसबीआई खाते में 3.46 करोड़ रुपये जमा थे, और डाक बचत योजना में 12.76 लाख रुपये थे। 2018-19 में उनकी आय लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई थी। उनका चंडीगढ़ और दिल्ली स्थित अपार्टमेंट, जिसकी कीमत 11 साल पहले 7.27 करोड़ रुपये थी, आज कई गुना बढ़ चुकी है।
भारत को दी अमूल्य सेवाएं
डॉ. मनमोहन सिंह के जीवन और योगदान को शब्दों में समेटना कठिन है। भारत के आर्थिक सुधारों में उनके योगदान और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी भूमिका को इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। उनका जीवन सादगी, विद्वता और कर्तव्यनिष्ठा का आदर्श उदाहरण है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।