स्वदेश लौटे भारतीय गगन यात्री शुभांशु शुक्ला, दिल्ली में भव्य स्वागत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (17/08/2025): 41 साल बाद भारत का नाम अंतरिक्ष में ऊँचाइयों तक ले जाने वाले भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu shukla) आज रविवार को स्वदेश लौट आए। तड़के सुबह जब उनका विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा तो पूरे देश की नजरें उन पर टिकी थीं। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत ढोल-नगाड़ों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ किया गया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta), केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह (Dr Jitendra Singh) , इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक और छात्रों के बड़े समूह ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

शुभांशु शुक्ला के साथ उनकी पत्नी कामना शुक्ला और उनका बेटा भी मौजूद रहे, जो अपने पिता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व से भावुक दिखे। एयरपोर्ट पर उमड़ी भीड़ में लोगों की खुशी देखते ही बनती थी। भारत के इस गगनयात्री ने नासा के एक्सिओम-4 (AX-4) मिशन में बतौर पायलट अंतरिक्ष यात्रा की थी और 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे। अब जब वे स्वदेश पहुंचे तो लोगों ने उन्हें देश का गौरव बताते हुए फूल-मालाओं और नारों से स्वागत किया।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस ऐतिहासिक क्षण को भारत के लिए “गौरव का पल” बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष विज्ञान की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह क्षण न केवल इसरो के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का है। उन्होंने यह भी बताया कि शुभांशु शुक्ला के साथ ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी थे, जिन्हें गगनयान मिशन के लिए चुना गया है।

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की यह उड़ान कई मायनों में ऐतिहासिक रही। 25 जून को फ्लोरिडा स्थित नासा के केनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के फाल्कन रॉकेट द्वारा उनका स्पेसक्राफ्ट “ड्रैगनफ्लाई” रवाना हुआ था। 26 जून को यह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से जुड़ा और वहां शुक्ला ने 18 दिन बिताए। इस दौरान उन्होंने माइक्रोग्रैविटी में कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग किए। इसके बाद 15 जुलाई को वे कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में सुरक्षित उतरे।

देश लौटने से पहले शुक्ला ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया था। उन्होंने लिखा कि उनके दिल में मिश्रित भावनाएं हैं—एक ओर मिशन के दौरान बने साथियों को छोड़ने का दुख है तो दूसरी ओर भारत लौटने और अपने परिवार से मिलने की खुशी है। उन्होंने अपनी कमांडर पैगी के एक कथन का जिक्र करते हुए कहा कि “स्पेसफ्लाइट में बदलाव ही स्थिरता है, और यही जीवन पर भी लागू होता है।” इस भावुक नोट ने लाखों भारतीयों के दिलों को छू लिया।

गौरतलब है कि 41 साल बाद किसी भारतीय ने अंतरिक्ष की यात्रा की है। राकेश शर्मा के बाद यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारत के विज्ञान और अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक नया अध्याय है। शुभांशु शुक्ला के स्वदेश लौटने से न केवल वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष प्रेमियों में उत्साह है बल्कि आम नागरिक भी गर्व से भर उठे हैं। अब देश को उनसे और उनके अनुभवों से गगनयान जैसे आगामी अभियानों में नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।