“साहित्य नव सृजन” के पंचम वार्षिकोत्सव पर पुस्तक लोकार्पण एवं सम्मान समारोह का आयोजन
टेन न्यूज नेटवर्क
Ghaziabad News (17/08/2025): ग़ाज़ियाबाद के वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में आज साहित्य एवं संस्कृति के संवर्धन के लिए कार्यरत संस्था “साहित्य नव सृजन” का पंचम वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। दोपहर 2 बजे से आरंभ हुए इस कार्यक्रम में पुस्तक लोकार्पण, साहित्यिक प्रस्तुतियाँ एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. राज नारायण शुक्ल (पूर्व अध्यक्ष, राजभाषा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में संजीव किशन सूद (सेवानिवृत्त अतिरिक्त महानिदेशक, BSF), आशुतोष अग्निहोत्री (कंसल्टिंग एडिटर, न्यूज 1 इंडिया) और वरिष्ठ साहित्यकार विनय विक्रम सिंह मौजूद रहे। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने भी विशेष सान्निध्य प्रदान किया।

संस्था की संस्थापक महासचिव अनुपमा पांडेय ‘भारतीय’ ने बताया कि “अक्षर–अक्षर शंखनाद” शीर्षक से आयोजित इस समारोह में नई पुस्तकों का लोकार्पण किया गया और साहित्यिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। संस्था के अध्यक्ष डॉ. ओंकार त्रिपाठी ने कहा कि यह कार्यक्रम लेखकों और कवियों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ नई पीढ़ी में साहित्य और संस्कृति के प्रति रुचि जगाने का माध्यम बनेगा।
मंच पर उपस्थित सभी का स्वागत करते हुए मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि “डॉ. ओंकार त्रिपाठी द्वारा लिखित ‘अक्षर–अक्षर शंखनाद’ पुस्तक का विमोचन करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। डिजिटल युग में भी पुस्तकों और साहित्य का महत्व हमेशा बना रहेगा। कविता बच्चों को सुलाने वाली लोरी भी है और युवाओं में देशप्रेम की ज्वाला जगाने वाली प्रेरणा भी। आदिकाल से कवियों की भूमिका राष्ट्र को दिशा देने वाली रही है।”
पुस्तक के लेखक, विचारक एवं साहित्य नव सृजन के अध्यक्ष डॉ. ओंकार त्रिपाठी ने कहा कि “समय एक अविरल प्रवाह है जो न रुकता है, न ठहरता है। मनुष्य और साहित्य एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं। आज का हर परिवेश एक कुरुक्षेत्र है और कविता उसमें शंखनाद करने का माध्यम है। मेरी यह पुस्तक केवल अक्षरों का संग्रह नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति संकल्प और जागरण का आह्वान है।” उन्होंने आगे कहा कि अब समय आ गया है कि देशप्रेम केवल भाषणों और नारों तक सीमित न रहे बल्कि जीवन शैली बने।
डॉ. त्रिपाठी ने लोगों से अपील की कि “हम सभी यदि एक-एक पुस्तक खरीदें तो प्रकाशक बिना आर्थिक बोझ के नए लेखकों को अवसर दे सकेंगे। पुस्तकें पढ़ना केवल साहित्य का समर्थन नहीं, बल्कि राष्ट्र की चेतना से जुड़ने का माध्यम है।”

इस अवसर पर संस्थान परिसर साहित्यिक रंग में रंगा रहा और उपस्थित अतिथियों व साहित्यप्रेमियों ने कविताओं एवं विचारों से कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।