यमुना तट पर 12 किमी लंबा भव्य छठ घाट, जल्द शुरू होगी आरती व क्रूज सेवा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (17/08/2025): मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी वासियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने अपने संबोधन में यमुना को स्वच्छ और पवित्र बनाने के सरकार के संकल्प को दोहराया और घोषणा की कि यमुना किनारे 12 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट बनाया जाएगा। उन्होंने एवं यह वादा अगली शाम यमुना आरती में शामिल होकर फिर दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घाट पूजा-पाठ और बड़े त्योहारों के आयोजन के लिए राष्ट्रीय राजधानी का सबसे विशाल नदी तट होगा। यहां लाखों श्रद्धालु और भक्तजन एक साथ धार्मिक व आध्यात्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकेंगे। यह पहल दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती देगी।

मुख्यमंत्री ने यमुना की पवित्रता और संरक्षण को पहली प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इसे स्वच्छ रखना हम सबका सामूहिक कर्तव्य है। इसी क्रम में सरकार नियमित यमुना आरती शुरू करेगी, जिसमें श्रद्धालु, साधु-संत और आध्यात्मिक संगठन शामिल होंगे। इसके साथ ही नदी पर क्रूज सेवा भी शुरू करने की योजना है, जो न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी बल्कि पर्यटन के लिहाज से भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। इससे दिल्ली आने वाले लाखों पर्यटकों को यमुना किनारे की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना हमारी धरोहर और ‘हमारी मां’ है, इसे बचाने के लिए दिल्लीवासियों का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि प्रदूषण मुक्त यमुना अभियान को जनांदोलन बनाना होगा। सरकार इसके लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगी और यमुना की धारा को जीवनदायिनी बनाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे नदी किनारे कचरा न डालें और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मूर्तियों व पूजा सामग्री को निर्धारित स्थान पर ही विसर्जित करें।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यमुना किनारे विशेष नौका-यात्रा और आरती का आयोजन किया गया जिसमें केंद्रीय लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा (Parvesh Varma) भी मौजूद रहे। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यमुना की गोद में आयोजित यह कार्यक्रम हमें हमारे अतीत और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ता है। उन्होंने जोर दिया कि यमुना के संरक्षण की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं बल्कि हर नागरिक की है। प्रवेश वर्मा ने कहा कि यदि समाज मिलकर यमुना को स्वच्छ बनाएगा तो यह न सिर्फ धार्मिक महत्व रखेगी बल्कि पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी राजधानी को नई पहचान मिलेगी।

गौरतलब है कि यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार पहले से कई योजनाओं पर काम कर रही हैं। लेकिन छठ घाट और क्रूज सेवा जैसी नई परियोजनाएं इस प्रयास को और बल देंगी। विशेषज्ञ मानते हैं कि इससे जहां छठ महापर्व और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए व्यवस्थित घाट उपलब्ध होगा, वहीं दिल्ली पर्यटन को भी एक नई दिशा मिलेगी। आने वाले समय में यदि ये योजनाएं सफल होती हैं तो यमुना न सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र बनेगी बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली की पहचान को भी मजबूत करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।