गौतमबुद्धनगर पुलिस का शौर्य सम्मान समारोह | पुलिसकर्मियों को राष्ट्र रक्षा की शपथ

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (16/08/2025): 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट का परिसर देशभक्ति और शौर्य से सराबोर रहा। रिज़र्व पुलिस लाइन्स, गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने शहीदों के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों का कर्तव्य सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि राष्ट्र को सशक्त और सुरक्षित बनाना भी है।

समारोह में पुलिस कमिश्नर ने उत्कृष्ट और साहसिक कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। वीरता पदक से थाना सेक्टर-39 के निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, थाना जारचा के उपनिरीक्षक सुमनेश कुमार और थाना साइबर के उपनिरीक्षक सचिन धामा को नवाज़ा गया। इसके अलावा विभिन्न सेवाभिलेखों के आधार पर निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह और कई अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह और प्रशंसा चिन्ह (रजत) प्रदान किए गए।

इस अवसर पर 105 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक पल तब आया जब शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित करने के लिए मंच पर बुलाया गया। आरक्षी स्व. सौरभ कुमार की पत्नी श्रीमती आयुषी चौधरी को पुलिस कमिश्नर द्वारा 75 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। साथ ही निरीक्षक स्व. सुबोध कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी स्व. बिजेंद्र कुमार और आरक्षी स्व. सुनील भाटी के परिजनों को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शहीदों के परिवार कभी अकेले नहीं हैं, पूरा पुलिस विभाग हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से आह्वान किया कि वे शहीदों के सपनों को साकार करने और देश की सुरक्षा, सम्मान एवं अखंडता को और सुदृढ़ बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करें।

इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा यमुना प्रसाद, यातायात उपायुक्त लखन सिंह यादव, सेंट्रल नोएडा उपायुक्त शक्ति मोहन अवस्थी, ग्रेटर नोएडा उपायुक्त साद मियॉ खान, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय/लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय आर.के. गौतम और सहायक पुलिस आयुक्त लाइन्स सुश्री ट्विंकल जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और समारोह की गरिमा में वृद्धि की।

79 वा स्वतंत्रता दिवस समारोह, गौतमबुद्धनगर पुलिस मुख्यालय | Laxmi Singh Honours Police Officers | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।