ग्राम सभाओं के लिए एआई टूल ‘सभासार’ का शुभारंभ, अब मिनटों में तैयार होगा बैठक विवरण
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (14 August 2025): पंचायती राज मंत्रालय ने ग्राम सभा और पंचायत बैठकों के विवरण तैयार करने की प्रक्रिया को तेज और आधुनिक बनाने के लिए एआई संचालित विशेष टूल ‘सभासार’ का शुभारंभ किया है। केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने आज नई दिल्ली में, केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल की उपस्थिति में इस अभिनव तकनीक का उद्घाटन किया।
‘सभासार’ उन्नत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण (एनएलपी) तकनीकों पर आधारित है, जो ग्राम सभा या पंचायत बैठकों की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग से चर्चाओं को स्वचालित रूप से लिपिबद्ध कर मुख्य निर्णयों और कार्य-बिंदुओं की पहचान करता है। इसके बाद यह सुव्यवस्थित बैठक विवरण तैयार करता है। यह टूल सरकार के राष्ट्रीय भाषा अनुवाद मिशन ‘भाषिणी’ से एकीकृत है और फिलहाल 13 भारतीय भाषाओं में काम करता है, जिससे विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि वाले पंचायत पदाधिकारियों के लिए समान पहुंच और समावेशिता सुनिश्चित होती है। भविष्य में इसमें और भाषाओं को जोड़ा जाएगा।

पंचायती राज मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आग्रह किया है कि 15 अगस्त 2025 को होने वाली विशेष ग्राम सभाओं के विवरण तैयार करने में ‘सभासार’ का उपयोग करें। पहले चरण में त्रिपुरा की सभी 1194 ग्राम पंचायतें (पारंपरिक स्थानीय निकायों सहित) इस टूल के जरिए विशेष ग्राम सभाओं के विवरण तैयार करेंगी।

यह पहल सहभागी लोकतंत्र को मजबूत करने और स्थानीय शासन की दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। ‘सभासार’ मैन्युअल दस्तावेज़ीकरण में लगने वाले समय और प्रयास को काफी हद तक कम करेगा, जिससे पंचायत अधिकारी पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखते हुए शासन और सेवा वितरण पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।