राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर बोले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह – कपड़ा क्षेत्र देश का दूसरा सबसे बड़ा रोजगार सृजन क्षेत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (08 August 2025): केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने राजधानी में 11वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उद्घाटन किया और भारत की बुनाई परंपराओं के संरक्षण, नवाचार और उत्कृष्टता में योगदान देने वाले 24 उत्कृष्ट मास्टर बुनकरों को प्रतिष्ठित संत कबीर और राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार से सम्मानित किया। सम्मानित कारीगरों में छह महिलाएं और एक दिव्यांग बुनकर भी शामिल रहे। इस अवसर पर विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमूबेन जयंतीभाई बांभनिया, सांसद कंगना रनौत, वस्त्र सचिव नीलम शमी राव, अतिरिक्त सचिव रोहित कंसल, डीसी हथकरघा डॉ. एम. बीना सहित देशभर के लगभग 650 बुनकर, विदेशी खरीदार, निर्यातक और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

अपने संबोधन में गिरिराज सिंह ने कहा कि कपड़ा क्षेत्र अब देश का दूसरा सबसे बड़ा रोजगार सृजन क्षेत्र बनकर उभरा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को दोहराते हुए हथकरघा क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने, मुद्रा योजना जैसी योजनाओं का लाभ उठाने, उत्पाद विविधीकरण, रेमी व लिनेन जैसे प्राकृतिक रेशों के प्रोत्साहन तथा देशभर के 797 हथकरघा समूहों के माध्यम से दूसरी पीढ़ी के उद्यमियों को सशक्त करने पर जोर दिया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ब्लॉकचेन तकनीक के माध्यम से स्वदेशी डिज़ाइनों के संरक्षण और बौद्धिक संपदा अधिकारों की रक्षा की दिशा में सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को हथकरघा उद्योग से जुड़ने का आह्वान किया और डिज़ाइनरों व बुनकरों से मिलकर समकालीन उत्पाद बनाने की अपील की, जो देश के युवाओं को आकर्षित करें। साथ ही उन्होंने नागरिकों से सप्ताह में कम से कम एक दिन हथकरघा पहनने का आग्रह किया।

पबित्रा मार्गेरिटा ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस को स्वदेशी आंदोलन के प्रति श्रद्धांजलि बताते हुए कहा कि हाथ से बुना कपड़ा प्रतिरोध, गौरव और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने वोकल फॉर लोकल और लोकल फॉर ग्लोबल के दृष्टिकोण को साकार करने में कपड़ा मंत्रालय के प्रयासों का उल्लेख किया और हैंडलूम मार्क व इंडिया हैंडलूम ब्रांड जैसी पहलों को भारतीय हथकरघा कपड़ों को स्थिरता के वैश्विक प्रतीकों में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

समारोह के दौरान निफ्ट मुंबई द्वारा हथकरघा उत्कृष्टता पर एक कॉफी टेबल बुक का अनावरण, पुरस्कार विजेता उत्पादों की प्रदर्शनी, हथकरघा योजनाओं पर सुविधा डेस्क, वस्त्र वेद – भारत की हथकरघा विरासत नामक फैशन शो और विशेष रूप से तैयार की गई फिल्मों का शुभारंभ किया गया। गणमान्य व्यक्तियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर भारतीय बुनाई की विविधता और कलात्मकता का अनुभव किया।

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस प्रतिवर्ष 7 अगस्त को 1905 में स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन और हथकरघा उद्योग के उत्थान का प्रतीक है। भारत में हथकरघा क्षेत्र 35 लाख से अधिक लोगों को आजीविका प्रदान करता है, जिसमें 70% से अधिक महिलाएं हैं। यह क्षेत्र न केवल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में योगदान देता है, बल्कि स्थायी आजीविका, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन का भी महत्वपूर्ण स्रोत है। इस वर्ष का आयोजन देशभर से बुनकरों, डिजाइनरों, छात्रों, निर्यातकों और विदेशी खरीदारों की भागीदारी से भारत की विरासत और भविष्य में हथकरघा की अहम भूमिका को रेखांकित करता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।