“तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण की नीति पर चल रही भाजपा”: मुरादाबाद में सीएम योगी का बड़ा वार
टेन न्यूज नेटवर्क
Moradabad News (07/08/2025): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में ₹79 करोड़ की लागत से निर्मित अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग तुष्टीकरण की राजनीति कर के सत्ता में आते थे, वे आज घर के हैं न घाट के। भाजपा की योजनाएं तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण पर आधारित हैं जो बिना भेदभाव हर वर्ग तक पहुंचती हैं। सीएम योगी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने शिक्षा को नकल, अराजकता और जातिवाद का अड्डा बना दिया था और आज वही लोग संतुष्टीकरण की राजनीति से परेशान हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में श्रमिकों के धन की बंदरबांट होती थी, लेकिन अब यही धन श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा पर खर्च हो रहा है। यह विद्यालय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष में उनके मूल्यों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने इस शिक्षा केंद्र को मुरादाबाद मंडल के श्रमिक परिवारों को समर्पित करते हुए इसे प्रधानमंत्री मोदी की बीओसी फंड के उपयोग संबंधी सोच का परिणाम बताया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब तक 18 अटल आवासीय विद्यालय शुरू हो चुके हैं, जहां 18,000 से अधिक श्रमिक और अनाथ बच्चों को पूरी तरह निशुल्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। कक्षा 12 के बाद उच्च शिक्षा जैसे मेडिकल या आईआईटी का पूरा खर्च भी सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को ईमानदार बनाया है, जिससे उत्तर प्रदेश अब शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय रैंकिंग में ऊपर पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर गणेश जी के अपमान का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय कल्याण सिंह सरकार के दौरान जब “ग से गणेश” पढ़ाया गया, तब सपा नेताओं ने इसका विरोध करते हुए “ग से गधा” पढ़ाने की वकालत की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का कार्य कर रही है, जबकि सपा सरकार ने शिक्षा और प्रशासन को जातिवादी राजनीति का शिकार बनाया।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज अपनी विरासत, विकास और शिक्षा पर गर्व कर रहा है। ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ जैसे अभियानों से प्रदेश की पहचान बदल रही है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 1.54 लाख जर्जर विद्यालयों का कायाकल्प किया गया है और मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालयों के माध्यम से 57 जनपदों में भी शिक्षा के नए मॉडल खड़े किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ संवाद किया, उन्हें चॉकलेट बांटी, ऑटोग्राफ दिए और बच्चों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। अटल विद्यालय परिसर में स्मार्ट क्लासरूम, लैब्स, हॉस्टल, लाइब्रेरी, शिक्षक आवास और ऊर्जा संरक्षण जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं, जो इसे एक आदर्श शिक्षण केंद्र बनाते हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।