New Delhi News (06 August 2025): 11वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर वस्त्र मंत्रालय ने जनपथ स्थित हैंडलूम हाट में “हाट ऑन व्हील्स” नामक एक अनूठी मोबाइल रिटेल पहल और विशिष्ट हैंडलूम एक्सपो का भव्य शुभारंभ किया। इस आयोजन का उद्घाटन केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने विदेश एवं वस्त्र राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और वस्त्र सचिव नीलम शमी राव की उपस्थिति में किया। यह पहल राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम (एनएचडीसी) के सहयोग से आयोजित की गई।
गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हथकरघा न केवल भारत की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है, बल्कि यह लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन भी है। उन्होंने सरकार की इस प्रतिबद्धता को दोहराया कि बुनकरों को समर्थन देना, उन्हें बाजार तक पहुंच दिलाना और सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। “हाट ऑन व्हील्स” पहल को बुनकरों और उपभोक्ताओं के बीच की दूरी को कम करने, आत्मनिर्भर भारत को गति देने और स्वदेशी उत्पादों की सीधी बिक्री को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
इस वर्ष के हथकरघा उत्सव की थीम “मेरा हथकरघा, मेरा गौरव; मेरा उत्पाद, मेरा गौरव” रखी गई है। इस अवसर पर देशभर की 116 विशिष्ट बुनाइयों का जीवंत प्रदर्शन किया गया है, जो भारत की विविध और समृद्ध वस्त्र परंपरा का प्रतीक है। एक्सपो में न केवल हथकरघा उत्पादों की बिक्री की जा रही है, बल्कि बुनाई की प्रत्यक्ष प्रस्तुतियां भी आयोजित की गई हैं, जिससे दर्शकों को इस शिल्प की बारीकियों को समझने और अनुभव करने का अवसर मिल रहा है।

“हाट ऑन व्हील्स” एक चलंत हथकरघा बाजार के रूप में कार्य करेगा, जो दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और सांस्कृतिक स्थलों में जाकर लोगों को भारतीय बुनकरों के प्रामाणिक, उच्च-गुणवत्ता वाले उत्पादों से जोड़ने का कार्य करेगा। यह पहल टिकाऊ फैशन, ‘वोकल फॉर लोकल’ और भारतीय शिल्पकला के प्रति जागरूकता फैलाने में भी सहायक होगी।
हैंडलूम हाट में चल रहा यह एक्सपो 10 अगस्त तक आम जनता के लिए खुला रहेगा और यह देशभर के निपुण बुनकरों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। इस अनूठे आयोजन के माध्यम से वस्त्र मंत्रालय ने परंपरा को नवाचार से जोड़ते हुए भारत के हथकरघा क्षेत्र को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर पुनः प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक सशक्त कदम उठाया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।