New Delhi News (03/08/2025): दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने सुल्तानपुरी इलाके में एक बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जिसकी सरगना एक महिला, कुसुम निकली है। पुलिस के अनुसार कुसुम अपने बेटे अमित और बेटियों दीपा व अनुराधा के साथ मिलकर नशे का कारोबार चला रही थी। इस परिवार ने ड्रग्स की कमाई से दिल्ली में 6 मकान, एक फ्लैट और एक दुकान खरीद ली थी। पुलिस की छापेमारी में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, 13 लाख रुपये नकद, सोना-चांदी और वाहन जब्त किए गए हैं।
पुलिस को पहले अमित की गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा गया। अमित की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने पूरे रैकेट का खुलासा किया। उसने बताया कि ड्रग्स सप्लाई की मास्टरमाइंड उसकी मां कुसुम है, और बहनें भी इस धंधे में बराबर की भागीदार हैं। जांच में यह बात सामने आई कि पूरा परिवार लंबे समय से संगठित तरीके से नशे की तस्करी कर रहा था।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कुसुम ने पुलिस से बचने के लिए काफी सावधानी बरती थी। उसके घर में चारों ओर CCTV कैमरे लगे थे और खुफिया रास्ते बनाए गए थे। हर आने-जाने वाले पर नजर रखने के लिए वह घर में रहते हुए भी निगरानी करती थी। इतना ही नहीं, संपत्तियों की खरीद के लिए नकद लेन-देन और फर्जी खातों का सहारा लिया गया था।
पुलिस के छापे में एक फ्लैट रोहिणी सेक्टर-2, सुल्तानपुरी में 6 मकान और एक दुकान को जब्त किया गया है। जांच में पता चला कि 2023 से 2025 के बीच इस परिवार के बैंक खातों में करोड़ों रुपये जमा हुए, जबकि परिवार का कोई सदस्य किसी वैध पेशे से नहीं जुड़ा था। पुलिस ने उनके बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं और आय के स्रोतों की जांच जारी है।
इस मामले ने दिल्ली में चल रहे ड्रग्स सिंडिकेट के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के संपर्क में और कौन-कौन लोग हैं और ड्रग्स की आपूर्ति की जड़ें कितनी गहरी हैं। इस कार्रवाई को राजधानी में नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।