Delhi Election: AIMIM का सीलमपुर में शाहरुख पठान को टिकट देने का संकेत, विवाद गरमाया!
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (25 दिसंबर 2024): दिल्ली विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पूरे जोर-शोर से मैदान में उतर रही है। खबर है कि पार्टी सीलमपुर विधानसभा सीट से शाहरुख पठान को टिकट देने की तैयारी कर रही है। शाहरुख पठान वही व्यक्ति हैं, जिन पर दिल्ली दंगों के दौरान पुलिस पर बंदूक तानने और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर आरोप हैं। पठान इस समय तिहाड़ जेल में बंद हैं।
AIMIM की इस रणनीति ने विपक्षी दलों को उन पर हमला बोलने का मौका दे दिया है। दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता ने AIMIM पर निशाना साधते हुए कहा कि ओवैसी की पार्टी का मकसद दिल्ली की शांति भंग करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि AIMIM सौहार्दपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश कर रही है।
शाहरुख पठान पर गंभीर आरोप
शाहरुख पठान पर 2020 में हुए दिल्ली दंगों के दौरान जाफराबाद-मौजपुर इलाके में पुलिस हेड-कांस्टेबल दीपक दहिया पर पिस्तौल तानने और एक अन्य व्यक्ति की हत्या की कोशिश का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसने उनकी पहचान एक विवादित शख्सियत के रूप में कराई।
AIMIM का पक्ष
AIMIM दिल्ली के अध्यक्ष शोएब जमई ने सोशल मीडिया पर शाहरुख पठान की मां से मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल उनके परिवार से मिला और कानूनी सहायता देने का भरोसा जताया। शोएब ने आरोप लगाया कि शाहरुख के खिलाफ मामला दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इशारे पर दर्ज किया गया था। उन्होंने दावा किया कि यह पार्टी का “इंसाफ की मुहिम” का हिस्सा है और उन सभी परिवारों को हौसला देगा, जिनके बच्चे बिना ट्रायल के जेल में बंद हैं।
सीलमपुर सीट पर सियासी मुकाबला
सीलमपुर विधानसभा सीट आम आदमी पार्टी (आप) का गढ़ मानी जाती है। पार्टी ने यहां से चौधरी जुबैर अहमद को दोबारा टिकट दिया है। कांग्रेस ने अब्दुल रहमान को मैदान में उतारा है, जबकि बीजेपी ने अब तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इस सीट पर पिछले दो चुनावों से आप का दबदबा है, जबकि इससे पहले कांग्रेस यहां जीतती रही है।
AIMIM द्वारा शाहरुख पठान को टिकट देने के संकेतों ने चुनावी माहौल को और गर्मा दिया है। अब देखना यह होगा कि जनता इस कदम को कैसे देखती है और इसका चुनावी नतीजों पर क्या असर पड़ता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।