भलस्वा झील को बचाने की मुहिम तेज़, DDA बनाएगा मजबूत दीवार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02/08/2025): उत्तर दिल्ली स्थित 112 एकड़ में फैली भलस्वा झील को कचरे और अतिक्रमण से बचाने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने एक अहम योजना शुरू की है। डीडीए अब झील के चारों ओर मजबूत दीवार बनाएगा ताकि पास की लैंडफिल साइट और डेयरी कॉलोनी से झील में फैलने वाले प्रदूषण पर रोक लगाई जा सके। इस दीवार के निर्माण से न केवल झील की सीमा सुरक्षित होगी, बल्कि उसके इको-सिस्टम को भी स्थायित्व मिलेगा।

डीडीए ने इस परियोजना के लिए मिट्टी परीक्षण और विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु टेंडर जारी कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, आगामी दो महीनों में तकनीकी अध्ययन पूरा हो जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य की शुरुआत होगी। यह कदम उस व्यापक योजना का हिस्सा है जिसके तहत भलस्वा झील को एक पर्यावरणीय मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाना है।

उपराज्यपाल वीके सक्सेना (LG V K Saxena) और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने इस साल मार्च में लैंडफिल क्षेत्र में बांस रोपण की शुरुआत की थी। वीके सक्सेना इस क्षेत्र को हरा-भरा बनाने की पहल दो वर्ष पूर्व शुरू कर चुके हैं। आगामी महीनों में झील के चारों ओर 54,000 से अधिक पेड़ लगाने की योजना है, जो प्रदूषण कम करने में सहायक होंगे और झील के इर्द-गिर्द हरियाली बढ़ाएंगे।

भलस्वा झील की बदहाल स्थिति को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) भी पहले ही चिंता जता चुका है। 2021-22 में एनजीटी ने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव को निर्देश दिया था कि झील के संरक्षण और बहाली के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके बाद दिल्ली सरकार ने ‘सिटी ऑफ लेक्स’ प्रोजेक्ट के तहत सफाई अभियान शुरू किया, जिसमें दिल्ली जल बोर्ड की प्रमुख भूमिका रही।

अब उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने निर्देश दिए हैं कि डीडीए अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर झील के किनारों की सफाई, पुनर्स्थापन और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करे। इस दीवार निर्माण और हरियाली अभियान के साथ भलस्वा झील को एक बार फिर जीवनदान मिलने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य है कि यह क्षेत्र आने वाले वर्षों में राजधानी दिल्ली के लिए एक सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक उदाहरण बने।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।