11 लाख करोड़ से बदली ग्रामीण भारत की तस्वीर: महिला SHGs को वित्तीय सशक्तिकरण की उड़ान
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (30 July 2025): केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बताया कि दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को अब तक 11 लाख करोड़ रुपए से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समावेशी ग्रामीण विकास, महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण और ग्राम स्तर पर आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
केंदीय मंत्री चौहान ने कहा कि देशभर की ग्रामीण गरीब महिलाएं DAY-NRLM के अंतर्गत मजबूत सामुदायिक संस्थाओं के माध्यम से अपनी आजीविका को सशक्त बना रही हैं। इन्हें बिना कोलैटरल, ब्याज सब्सिडी और अन्य वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे खुद का व्यवसाय शुरू कर आय में वृद्धि कर रही हैं। उन्होंने कहा कि SHGs की 98% से अधिक की उच्च पुनर्भुगतान दर इस बात का प्रमाण है कि ये प्रयास विश्वास, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रबंधन की मिसाल बन चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बैंकिंग समुदाय की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बैंकों ने करोड़ों ग्रामीण महिलाओं के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बैंक सखियों के निरंतर प्रयासों ने SHG-बैंक लिंकेज को सहज बनाया है, जिससे समय पर ऋण पुनर्भुगतान सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक क्षेत्र ऋण (Priority Sector Lending) के तहत SHGs को आसान शर्तों पर ऋण दिया जा रहा है। इसके अलावा, SHG सदस्यों को सरल बैंकिंग सेवाएं, आधार और मोबाइल सीडिंग, तथा वित्तीय साक्षरता जैसी सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं।

उन्होंने आगे बताया कि “बैंक सखियां” अब केवल लेन-देन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे ऋण आवेदन, दस्तावेज़ीकरण में सहायता करने के साथ-साथ बीमा, पेंशन, और अन्य वित्तीय योजनाओं की जानकारी देने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। साथ ही, समुदाय आधारित पुनर्भुगतान तंत्र (CBRM) को सशक्त बनाकर समय पर ऋण वसूली सुनिश्चित की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित DAY-NRLM तथा “लखपति दीदी” जैसी योजनाएं आज ग्रामीण भारत की लाखों महिलाओं की आर्थिक स्थिति को बदल रही हैं। यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि महिला सामर्थ्य और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते कदमों का प्रमाण है। महिलाओं को जब अवसर, भरोसा और संसाधन मिलते हैं, तो वे न केवल अपनी दुनिया बदलती हैं, बल्कि देश को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में समर्थ बनती हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।