स्वच्छता, सशक्तिकरण और सजावट से निखरी इस वर्ष की कांवड़ यात्रा

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (29 July 2027): इस वर्ष सावन माह में देश भर में आयोजित कांवड़ यात्रा ने न केवल आस्था का भव्य दृश्य प्रस्तुत किया, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन, महिला सशक्तिकरण और स्मार्ट व्यवस्थाओं के समावेश से एक नई मिसाल भी कायम की है। लाखों श्रद्धालुओं की भागीदारी के बीच केंद्र और राज्य सरकारों, शहरी स्थानीय निकायों और प्रशासनिक इकाइयों ने यह सुनिश्चित किया कि यात्रा मार्ग स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधा सम्पन्न रहें।

दिल्ली नगर निगम (MCD) ने इस बार कांवड़ यात्रा मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। यात्रा मार्गों, विश्राम स्थलों और घाटों पर अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात किए गए, चौबीसों घंटे सफाई, कचरा संग्रहण और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए बैनर, पर्चे, और प्रचार रथों के माध्यम से जनसंपर्क अभियान भी चलाया गया। धूल नियंत्रण हेतु नियमित जल छिड़काव की व्यवस्था की गई।

दिल्ली में पहली बार महिला कांवड़ियों के लिए दो विशेष पिंक कांवड़ शिविर लगाए गए, जो महिलाओं की सुविधा और गरिमा का प्रतीक बने। इन शिविरों में गुलाबी टेंट, महिला स्वयंसेविकाएं, स्वच्छ शौचालय, स्नानागार और सुंदर सजावट के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक ठहराव की संपूर्ण व्यवस्था की गई। साथ ही, 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को ईको-फ्रेंडली स्टील के गंगाजल कंटेनर और जूट बैग भी वितरित किए गए।

हरिद्वार नगर निगम ने इस बार एक स्मार्ट और सस्टेनेबल सफाई मॉडल प्रस्तुत किया है, जिसने देशभर का ध्यान आकर्षित किया। निगम ने ‘लाइनर बैग प्लस ड्रोन निगरानी’ मॉडल अपनाया, जिसके तहत कंपोस्टेबल लाइनर बैग श्रद्धालुओं और दुकानदारों को वितरित किए गए ताकि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डाला जाए। रात में विशेष कचरा संग्रहण अभियान चलाकर दिनभर का कूड़ा उठाया गया। पहली बार ड्रोन से घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है, जिससे जहां भी कचरा दिखता है, तुरंत सफाईकर्मी भेजे जाते हैं। जलभराव की आशंका को देखते हुए सीवर सक्शन वाहन और दो पालियों में तैनात कर्मी भी मुस्तैद हैं। अब तक हरिद्वार में ढाई करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और यह स्मार्ट व्यवस्था लगातार सुचारु रूप से काम कर रही है।

उत्तर प्रदेश के नगर निकायों ने भी कांवड़ यात्रा मार्गों को भक्ति, सजावट और स्वच्छता का संगम बना दिया। शहरों को रोशनी, रंगीन झालरों और सेल्फी प्वाइंट्स से सजाया गया। यात्रा मार्गों पर स्नानगृह, शौचालय और रेस्टरूम की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। जीरो वेस्ट भंडारों का आयोजन किया गया और प्रयोग किए गए फूलों को खाद में बदलने की पहल भी शुरू हुई है।

कुल मिलाकर, इस वर्ष की कांवड़ यात्रा ने दिखा दिया है कि जब समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करें, तो श्रद्धा के आयोजनों को स्वच्छता, सशक्तिकरण और सौंदर्य के साथ जोड़कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया जा सकता है। यह यात्रा न केवल भक्ति का पर्व रही, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन की धरातली सफलता और महिला गरिमा की झलक भी बनी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।