आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से 10.18 करोड़ महिलाओं की सर्विकल कैंसर जांच

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (26/07/2025): स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत देशभर में 30 वर्ष और उससे अधिक आयु की 10.18 करोड़ से अधिक महिलाओं की गर्भाशय ग्रीवा (सर्विकल) कैंसर की जांच की गई है। यह जांच आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (एएएम) के माध्यम से की गई, जो गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की समय रहते पहचान, रोकथाम और प्रबंधन के उद्देश्य से चलाए जा रहे जनसंख्या-आधारित कार्यक्रम का हिस्सा है।

इस पहल के तहत 30 से 65 वर्ष की आयु की महिलाओं को स्क्रीनिंग के दायरे में लाया गया है। प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा उप-स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एसिटिक एसिड आधारित दृश्य निरीक्षण (वीआईए) तकनीक के माध्यम से स्क्रीनिंग की जाती है। वीआईए पॉजिटिव पाए जाने पर संदिग्ध मामलों को आगे के नैदानिक परीक्षण के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में भेजा जाता है।

इस पूरी प्रक्रिया में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। वे सामुदायिक स्तर पर जोखिमग्रस्त महिलाओं की पहचान करती हैं, उन्हें जांच के लिए प्रेरित करती हैं और सीबीएसी (CBAC) फॉर्म के माध्यम से उनके स्वास्थ्य आंकड़े संकलित करती हैं। साथ ही, वे लोगों को समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूकता अभियान भी चलाती हैं।

सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस और विश्व कैंसर दिवस जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसके अतिरिक्त, प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के जरिए भी कैंसर समेत अन्य गैर-संचारी रोगों पर जन-जागरूकता फैलाने के प्रयास किए जाते हैं।

राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों को उनकी प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेशन प्लान (पीआईपी) के अनुसार जन-जागरूकता कार्यक्रमों के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है। मंत्रालय ने 20 फरवरी से 31 मार्च 2025 तक एक समयबद्ध एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान भी चलाया था, जिसकी सफलता ने इस आंकड़े को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

20 जुलाई 2025 तक के राष्ट्रीय एनसीडी पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, 30 वर्ष और उससे अधिक आयु की कुल 25.42 करोड़ महिला जनसंख्या में से अब तक 10.18 करोड़ महिलाओं की जांच की जा चुकी है। यह उपलब्धि सरकार की समग्र, सुलभ और निवारक स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस आशय की जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने शुक्रवार को लोकसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से दी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।