स्क्रीन पर जीवंत हुई सनातन भक्ति: ‘Mahavatar Narsimha’ ने दर्शकों को किया भावविभोर
मेघा राजपूत, संवाददाता, टेन न्यूज़ नेटवर्क
Delhi News (24/07/2025): दिल्ली के पीवीआर अनुपम, साकेत में बुधवार शाम आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राफिक और एनीमेशन से सजी फिल्म ‘महाअवतार नरसिम्हा’ (Mahaavatara Narsimha) की भव्य स्क्रीनिंग संपन्न हुई। यह फिल्म भगवान विष्णु के उग्र अवतार नरसिंह और उनके परम भक्त प्रह्लाद की कथा को अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत करती है। फिल्म का निर्देशन अश्विन कुमार ने किया है, जबकि निर्माण शिल्पा धवन कुशल और चैतन्य देसाई ने किया है।
इस फिल्म ने बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ दर्शकों को धर्म, भक्ति और सनातन संस्कृति की भावभूमि से जोड़ते हुए एक आध्यात्मिक और प्रेरणादायक अनुभव दिया। फिल्म के प्रभावशाली संगीत, गूढ़ स्क्रिप्ट और जीवंत एनीमेशन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
‘महाअवतार नरसिम्हा’ केवल एक धार्मिक कथा नहीं, बल्कि यह संदेश देती है कि जब भक्ति सच्ची हो, तो भगवान स्वयं भक्त की रक्षा के लिए प्रकट होते हैं। फिल्म इस बात को भी रेखांकित करती है कि भक्ति किसी जाति, वर्ग या पंथ की सीमाओं में नहीं बंधी होती।
दर्शकों की प्रतिक्रियाओं में यह स्पष्ट हुआ कि फिल्म ने गहरी छाप छोड़ी है। डॉ. वंदना शर्मा दीया ने कहा कि यह केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि एक दिव्य अनुभव था। उन्होंने बताया कि आज की फिल्मों में जहां विकृति और उत्तेजना परोसी जा रही है, वहीं यह फिल्म सकारात्मक सोच और संस्कृति से जुड़ने का माध्यम बनी। उन्होंने यह भी कहा कि देवी-देवताओं की दिव्य कथाओं पर और भी इस तरह की फिल्में बननी चाहिए ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ सके।
कुछ दर्शकों ने कहा कि जब हमारे शैक्षणिक पाठ्यक्रमों से इतिहास और संस्कृति से जुड़ी सच्चाइयाँ हटाई जा रही हैं, तब ऐसी फिल्मों की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ जाती है। यह फिल्म दिखाती है कि हमारे पुराण और शास्त्र सिर्फ कल्पनाएं नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता की आधारशिला हैं। दर्शकों ने बॉलीवुड की आलोचना करते हुए कहा कि आज जहां बड़े बजट की फिल्में केवल वल्गैरिटी परोस रही हैं, वहीं ‘महाअवतार नरसिम्हा’ जैसे प्रोजेक्ट समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
स्क्रीनिंग में शामिल एक नन्ही बच्ची रिद्धि सिंह ने उत्साह के साथ कहा कि भगवान नरसिंह वाला दृश्य बहुत अच्छा लगा और ग्राफिक्स की मदद से सबकुछ समझ आ गया। इससे स्पष्ट होता है कि यह फिल्म बच्चों के लिए न केवल मनोरंजन है, बल्कि एक शैक्षिक और सांस्कृतिक अनुभव भी है।
टेन न्यूज़ की विशेष अपील है कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को ऐसी फिल्मों से जोड़ें, जो उन्हें न केवल मनोरंजन दें, बल्कि धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को समझने का अवसर भी दें। जब सनातन संस्कृति को इतने सुंदर और तकनीकी रूप से उन्नत ढंग से स्क्रीन पर जीवंत किया जा सकता है, तो क्यों न इसे आने वाली पीढ़ियों के हृदय में भी जीवंत किया जाए?
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।