हथिनीकुंड से छोड़ा गया 54,000 क्यूसेक पानी, यमुना के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का खतरा
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (23/07/2025): दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। हरियाणा स्थित हथिनीकुंड बैराज से इस मानसून सीजन में पहली बार 54,707 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे राजधानी में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अनुसार यह जल प्रवाह सोमवार रात 1 बजे दर्ज किया गया। आमतौर पर हथिनीकुंड से छोड़ा गया पानी 48 से 50 घंटे में दिल्ली पहुंचता है, और इसका मुख्य प्रभाव पुराने रेलवे पुल पर नजर आता है, जो निगरानी का प्रमुख बिंदु है।
मंगलवार शाम 5 बजे तक पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 202.24 मीटर दर्ज किया गया, जो अभी चेतावनी स्तर 204.50 मीटर से नीचे है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ऊपरी यमुना बेसिन में बारिश जारी रही, तो जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो सकती है। यमुना एक्टिविस्ट और SANDRP सदस्य भीम सिंह रावत के अनुसार सोमवार रात 9 बजे से लेकर तड़के 2 बजे तक लगातार 50,000 क्यूसेक से ऊपर पानी का बहाव रहा, जिससे खतरे की स्थिति बनने की आशंका और गहराई है।
पिछले साल जुलाई 2023 में यमुना ने भयावह तबाही मचाई थी, जब जलस्तर रिकॉर्ड 208.66 मीटर तक पहुंच गया था और हथिनीकुंड से 3.59 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। उस समय मयूर विहार, ITO, सलीमगढ़ बायपास और सिविल लाइंस जैसे क्षेत्र जलमग्न हो गए थे, जिससे हजारों लोग विस्थापित हुए थे। हालांकि सितंबर की बारिश में जलस्तर चेतावनी स्तर से मामूली नीचे यानी 204.38 मीटर पर ही रुका था, लेकिन बाढ़ का खतरा राजधानी के नागरिकों के लिए अब भी एक डर की तरह बना हुआ है।
दिल्ली सरकार ने बाढ़ नियंत्रण की अपनी योजना को तैयार रखा है, जिसके तहत तब अलर्ट जारी किया जाता है जब हथिनीकुंड से 1 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जाए। इसके बाद क्षेत्रीय कंट्रोल रूम सक्रिय होते हैं, नावें तैनात की जाती हैं और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी जाती है। फिलहाल, इस स्तर की स्थिति नहीं बनी है, लेकिन मौसम और लगातार जलप्रवाह को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। यमुना के किनारे बसे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की अपील की गई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।