ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से आतंकी फंडिंग का खुलासा!, CAIT ने की सख्त कार्रवाई की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

NEW DELHI NEWS, (11/07/2025): एफएटीएफ की हालिया रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि आतंकी फंडिंग के लिए अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और डिजिटल पेमेंट ऐप्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस गंभीर खतरे पर प्रतिक्रिया देते हुए चांदनी चौक से सांसद और कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने सरकार से सख्त और त्वरित कदम उठाने की मांग की है।

खंडेलवाल ने कहा कि जो डिजिटल प्लेटफॉर्म्स सुविधा और नवाचार के लिए बनाए गए थे, उनका इस्तेमाल अब देशविरोधी गतिविधियों के लिए हो रहा है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियां अपनी जिम्मेदारी से बच सकती हैं, जब उनके प्लेटफॉर्म्स पर नकली सामान बिक रहा हो और उनका दुरुपयोग फंडिंग के लिए किया जा रहा हो?

उन्होंने अमेज़न के गोदामों पर भारतीय मानक ब्यूरो की हालिया छापेमारी का ज़िक्र करते हुए कहा कि वहां से भारी मात्रा में नकली और घटिया उत्पाद बरामद हुए, जो उपभोक्ता संरक्षण और नियामक अनुपालन में गंभीर खामियों की ओर इशारा करते हैं।

खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि ई-कॉमर्स कंपनियों की अनैतिक और बेलगाम गतिविधियाँ न केवल छोटे व्यापारियों के लिए संकट खड़ा कर रही हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और कानूनी व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत उल्लंघनकर्ताओं पर कठोर कार्रवाई की जाए और एक व्यापक ई-कॉमर्स नीति लागू हो, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने यह भी मांग की कि डिजिटल पेमेंट गेटवे की निगरानी कड़ी की जाए और एक स्वतंत्र नियामक संस्था गठित की जाए, जो देश में ऑनलाइन व्यापार की निगरानी और नियंत्रण कर सके।

खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि भारत की अर्थव्यवस्था और उपभोक्ताओं को कुछ गैर-जवाबदेह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के हवाले नहीं छोड़ा जा सकता। सरकार को तत्काल हस्तक्षेप कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि डिजिटल व्यापार राष्ट्रहित में और पारदर्शी तरीके से संचालित हो।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।