पीएम मोदी की विदेश नीति ने रचा इतिहास: भारत बना वैश्विक नेतृत्व का केंद्र- सुधांशु त्रिवेदी
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (10/07/2025): भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी (Rajyasabha MP Dr Sudhanshu Trivedi) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की हालिया पांच देशों की विदेश यात्रा को ऐतिहासिक करार देते हुए इसे भारत की कूटनीतिक सफलता का मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत की विदेश नीति को नई पहचान और दिशा दी है, जिससे देश अब वैश्विक मंच पर प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि पहले भारत को BRICS जैसे वैश्विक मंचों पर सबसे कमजोर कड़ी माना जाता था, लेकिन आज वही भारत BRICS का सबसे उज्ज्वल और सक्रिय केंद्र बन चुका है। उन्होंने इस बात पर भी विशेष जोर दिया कि भारत आज BRICS और क्वाड जैसे दो भिन्न वैश्विक समूहों का एकमात्र साझा सदस्य है, जो देश की संतुलित, बहुपक्षीय और वैश्विक दृष्टिकोण को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत को गुटनिरपेक्ष नीति के अंतर्गत सीमित देखा जाता था, लेकिन अब भारत सर्वसमावेशी नेतृत्व की दिशा में अग्रसर है। न केवल भारत ने वैश्विक पहचान बनाई है, बल्कि अब वह अंतरराष्ट्रीय निर्णयों में भागीदारी निभा रहा है। पीएम मोदी को अब तक 27 देशों का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है, जो वैश्विक स्तर पर भारत के सम्मान और प्रभाव का प्रमाण है।
सांसद त्रिवेदी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री की हाल की विदेश यात्रा से भारत के द्विपक्षीय और बहुपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयां मिली हैं। उन्होंने भारत की विदेश नीति को “आत्मनिर्भर भारत” और “वसुधैव कुटुंबकम्” जैसे भारतीय मूल्यों से जोड़ते हुए कहा कि आज भारत केवल एक उभरती शक्ति नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक शक्ति बन चुका है। यह यात्रा वैश्विक नेतृत्व की दिशा में भारत के लिए एक और सशक्त कदम है।
उन्होंने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि ऐसी बनी है, जो अपने सिद्धांतों से समझौता किए बिना विश्व के साथ सहयोग और संतुलन से कार्य कर सकती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।