बदमाशों से भिड़ी ग्रेटर नोएडा पुलिस, मुठभेड़ में दोनों घायल – चोरी और लूट के मामलों में थे वांछित

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater NOIDA News: (10 जुलाई 2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में आज सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब पुलिस टीम ग्राम बल्लूखेड़ा मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। ADCP ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार (ADCP Sudhir Kumar, Greater Noida) ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल आती दिखी। पुलिस ने जब रुकने का इशारा किया, तो बाइक सवार भागने लगे और पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों की पहचान पंकज पुत्र बिजेंद्र (34 वर्ष), निवासी कैलाश नगर, थाना विजयनगर, गाजियाबाद (वर्तमान में लड़पुरा, थाना कासना) और सत्यवीर पुत्र भजनलाल (23 वर्ष), निवासी गिरधरपुर, थाना कासना, गौतमबुद्धनगर के रूप में की है। मौके से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, चोरी का मोबाइल फोन और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी थाना दनकौर में दर्ज मुकदमा संख्या 170/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत वांछित थे। उन पर आरोप है कि 25/26 जून 2025 की रात यंगटांग कंपनी के पास निर्माणाधीन बिजलीघर से महंगे उपकरण चोरी किए गए थे।

पुलिस रिकॉर्ड में भी इनकी आपराधिक छवि सामने आई है। मुख्य आरोपी पंकज के खिलाफ हत्या, साजिश, लूट और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामले दिल्ली और नोएडा के कई थानों में दर्ज हैं। वहीं सत्यवीर के खिलाफ भी थाना दनकौर में चोरी का मामला दर्ज है। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है और पूरे गिरोह की कुंडली खंगाली जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।