सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान: यमुना होगी साफ, प्रदूषण कम होगा, गौशालाएं सुधरेंगी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (07/07/2025): मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने एक निजी चैनल को दिए साक्षात्कार में दिल्ली के विकास (Devlopment) , यमुना सफाई (Yamuna Cleaning) , प्रदूषण नियंत्रण (Pollution Control) और गौशाला सुधार से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने पिछली सरकारों पर विकास कार्यों को अधूरा और उलझा छोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि अब दिल्ली की जनता को असली बदलाव जल्द देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में यमुना नदी की स्थिति को सुधारने के लिए सरकार ने करीब 19,000 करोड़ रुपए का बजट तय किया है। यमुना की कुल लंबाई लगभग 1400 किलोमीटर है, लेकिन दिल्ली में इसका केवल 48 किलोमीटर हिस्सा बहता है। यहां यमुना में लगभग 200 गंदे नाले गिरते हैं, जिससे वह सबसे अधिक प्रदूषित हो जाती है। सरकार ने नालों की टैपिंग शुरू कर दी है और 38 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि थोड़ी देर जरूर होगी, लेकिन जल्द ही दिल्ली में साफ यमुना नजर आएगी।
दिल्ली में प्रदूषण को लेकर उन्होंने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि 10 और 15 साल से ज्यादा पुरानी गाड़ियों पर बैन का फैसला कोर्ट और एनजीटी के निर्देश पर लिया गया था, लेकिन ये सख्त कदम इसलिए उठाने पड़े क्योंकि पूर्व सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण पर समय रहते कुछ नहीं किया। रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि वह दिल्ली के मध्यम वर्ग की कठिनाइयों को समझती हैं और उनके हित में सभी संबंधित एजेंसियों के सामने मामला रखेंगी।
गौशालाओं के सुधार को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने सबसे पहले बकाया राशि जारी कर गौशालाओं की हालत सुधारने की दिशा में कदम उठाया। दूध उत्पादकों और पशुपालकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं, जिससे पता चला कि दिल्ली में पशुओं के लिए आवास, पानी और वेस्ट ट्रीटमेंट की सुविधाएं बेहद सीमित हैं। इससे मजबूर होकर लोग गायों को सड़कों पर छोड़ देते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अब इस दिशा में ठोस प्रयास कर रही है ताकि सड़कों पर घूमती गायें और हादसों की घटनाएं रोकी जा सकें।
बसों में मार्शलों की आवश्यकता पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकार ने आवश्यकता से अधिक भर्तियाँ कर दी थीं। अब चूंकि दिल्ली में नई बसों में सीसीटीवी कैमरे और इमरजेंसी बटन लगे हैं, तो मार्शलों की उपयोगिता खत्म हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जहां 500 मार्शलों की जरूरत थी, वहां 25,000 लोगों की भर्ती की गई, जिससे सरकार पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि कोर्ट ने इस मामले में सरकार को फटकार लगाई थी और अब ऐसे लोग सड़कों पर बार-बार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया वह कोई लोकलुभावन घोषणाएं नहीं करेंगी। उन्होंने कहा, “मैं जनता को वह वादे नहीं देना चाहती, जिन्हें हम निभा न पाएं। मेरा संकल्प है कि मैं 24 घंटे दिल्ली की जनता के लिए उपलब्ध रहूं और उनकी हर समस्या का समाधान करूं।”
मुख्यमंत्री के इस साक्षात्कार से स्पष्ट है कि दिल्ली सरकार अब विकास और व्यवस्था सुधार को प्राथमिकता दे रही है, और जल्द ही दिल्लीवासी इसके परिणाम देख सकेंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।