नोएडा: सेक्टर-126 पुलिस ने वाहन चोर गैंग का किया भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (21 दिसंबर, 2024): नोएडा के थाना सेक्टर-126 पुलिस ने ACP प्रवीण सिंह के नेतृत्व में दुपहिया वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें, 1 तमंचा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 19 दिसंबर 2024 को रायपुर पुश्ता रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान की। दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को रोका गया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। आगे की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें झाड़ियों में छिपा रखी थीं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे खासतौर पर ऐसी जगहों को निशाना बनाते थे जहां सुरक्षा कम हो और वाहन आसानी से चोरी किए जा सकें। चोरी की मोटरसाइकिलों को वे झाड़ियों में छिपाकर रखते थे और बाद में अन्य शहरों में बेच देते थे ताकि पकड़े न जा सकें। अभियुक्तों ने खुलासा किया कि उनका गैंग संगठित तरीके से काम करता था। कुछ सदस्य चोरी के स्थानों की रेकी करते थे, जबकि बाकी मोटरसाइकिल चुराने और उन्हें बेचने का काम करते थे। यदि कोई उन्हें पकड़ने की कोशिश करता तो वे तमंचे का भय दिखाकर भाग जाते थे।

पुलिस जांच में पता चला है कि ये अभियुक्त अब तक 20 से अधिक मोटरसाइकिलें चुरा चुके हैं। चोरी की गई मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल वे अन्य अवैध गतिविधियों के लिए करते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में संजय (28), आदित्य (19), कार्तिक (19) और सुमित (19) शामिल हैं। इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों के बारे में बताया कि कुछ वाहन दिल्ली और बुलंदशहर से चोरी किए गए थे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।