“भारत भूमि पर राष्ट्रवाद का पहला बीज श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बोया”: सीएम रेखा गुप्ता

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (06 जुलाई 2025): भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (Shyama Prasad Mukherjee) की जयंती पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) और भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया (Yogendra Chandauliya) ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत की भूमि पर राष्ट्रवाद का पहला बीज डॉ. मुखर्जी ने ही बोया था। उन्होंने ‘राष्ट्रप्रथम’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाया और जब तत्कालीन नीतियां देशहित के खिलाफ थीं, तब उन्होंने बिना झिझक केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर अखंड भारत की लड़ाई का शंखनाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो संविधान नहीं चलेंगे” जैसे क्रांतिकारी विचार को केवल कहा नहीं, बल्कि अपने जीवन से सिद्ध किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में समान कानून और भारत की पूर्ण एकता के लिए अपना बलिदान दिया। रेखा गुप्ता ने देशवासियों से अपील की कि वे डॉ. मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलें और आत्मनिर्भरता, अखंडता तथा भारत के सम्मान की दिशा में मिलकर काम करें, तभी उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन प्रेरणास्रोत है और हर भारतीय को उनके विचारों को जानना और समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल से त्यागपत्र देकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी, वह आज के नेताओं के लिए एक उच्च आदर्श है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 को समाप्त करके यह सुनिश्चित किया कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान व्यर्थ न जाए।

दोनों नेताओं ने इस मौके पर युवाओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को आत्मसात करें और भारत को एकजुट, आत्मनिर्भर और गौरवशाली बनाने में अपना योगदान दें। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया और डॉ. मुखर्जी की जीवनगाथा पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। नेताओं ने यह भी दोहराया कि राष्ट्र के प्रति डॉ. मुखर्जी की निष्ठा आज भी भाजपा की कार्यप्रणाली की आधारशिला है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।