नई दिल्ली (05 जुलाई 2025): राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में शुक्रवार शाम एक बार फिर गैंगवार की भयानक तस्वीर सामने आई, जब कार में सवार एक व्यक्ति को बाइक पर आए बदमाशों ने गोलियों से छलनी कर दिया। यह वारदात करीब सवा 7 बजे हुई, जिसमें मौके पर ही कार सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान नीरज के रूप में हुई है, जिस पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस का कहना है कि नीरज पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित था और वह 2021 की एक हत्या का आरोपी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीरज का नाम कुख्यात टिल्लू गैंग से जुड़ा हुआ था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नीरज की हत्या पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से की गई। हमलावर 2 से 3 की संख्या में बाइक पर सवार होकर आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। इलाके में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस हमले को फरवरी 2024 में नजफगढ़ के एक सैलून में हुए दोहरे हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, नीरज उस हत्याकांड का मुख्य गवाह था। ऐसे में उसकी हत्या गैंग के भीतर की साजिश का हिस्सा मानी जा रही है। शक की सुई गोगी गैंग की ओर घूम रही है, जो इस घटना के पीछे बताया जा रहा है। इस गैंग के शूटरों ने ही संभवतः इस हमले को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस हत्या के पीछे गैंगस्टर चिंटू उर्फ हर्ष धनकड़ और विदेश में बैठे संजू दहिया का नाम सामने आ रहा है। दोनों को इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। चिंटू हाल ही में मालदीव से डिपोर्ट होकर भारत लाया गया है। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश के लिए स्पेशल सेल को भी अलर्ट पर रखा गया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।