दिल्ली एनकाउंटर में दो शार्प शूटर गिरफ्तार, मंजीत महल गैंग से जुड़ा मामला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (04 जुलाई 2025): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गैंगस्टर मंजीत महल के भतीजे दीपक कुमार की हत्या में शामिल दो बदमाशों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। यह मुठभेड़ शाहबाद डेयरी इलाके में बीती रात हुई, जहां पुलिस और आरोपियों के बीच आमना-सामना हुआ। पुलिस फायरिंग में दोनों आरोपियों – विजय और सोमवीर – के पैरों में गोली लगी है। ये दोनों कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू और वंकटेश गर्ग गिरोह के सदस्य बताए जा रहे हैं। घटनास्थल से दो देसी पिस्तौल और आठ जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

गौरतलब है कि 27 जून को बवाना इलाके में दीपक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह सुबह के समय अपनी बेटी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था, जब बाइक सवार हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस हमले में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसकी नाबालिग बेटी के हाथ में गोली लगी थी। इस वीभत्स घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस पर आरोपियों को जल्द पकड़ने का भारी दबाव था।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि यह हत्या गैंगवार का हिस्सा थी। यूके में रह रहे कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू पर इस हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था। सूत्रों के मुताबिक, नंदू को शक था कि दीपक गैंगस्टर मंजीत महल के लिए काम करता है, जिससे उसकी पुरानी रंजिश थी। इसी दुश्मनी की आग में दीपक को निशाना बनाया गया। पुलिस को इस केस के पीछे गैंगवार की गहरी साजिश और कई अन्य चेहरों के शामिल होने की भी आशंका है।

दीपक के पिता ने बताया कि वारदात के समय वे बेटे से कुछ दूरी पर थे और हमलावर अचानक सामने आए। उन्होंने बताया कि परिवार को पहले से किसी खतरे का अंदेशा नहीं था। पुलिस के मुताबिक, मंजीत महल और कपिल सांगवान के बीच वर्षों पुरानी दुश्मनी चल रही है, जिसमें अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। फिलहाल घायल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।