वन महोत्सव केवल सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन बनेगा : सीएम रेखा गुप्ता
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (03 जुलाई 2025): दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा (Manjinder Singh Sirsa) ने वन महोत्सव 2025 के अवसर पर राजधानी में 70 लाख पेड़ लगाने की घोषणा को ऐतिहासिक बताया, लेकिन इसके साथ ही पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी हरित पहलें पहले होतीं, तो आज दिल्ली को वायु प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। सिरसा ने कहा, “अगर पहले वन महोत्सव को गंभीरता से मनाया गया होता, तो लोगों की 15 साल पुरानी गाड़ियां जब्त नहीं हो रही होतीं और न ही आम जनता को ओवरएज वाहनों के नियमों की सजा भुगतनी पड़ती।”
मंत्री सिरसा ने आगे कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिल्ली में वायु प्रदूषण की वर्तमान स्थिति, पुराने वाहनों पर लगे प्रतिबंध और पेट्रोल पंपों की पाबंदियों की जड़ में वे सरकारें हैं जिन्होंने पर्यावरण नीति को कभी प्राथमिकता नहीं दी। सिरसा ने कहा, “आज का वन महोत्सव दिल्ली के लिए एक नई शुरुआत है, लेकिन ये शुरुआत अगर दस-पंद्रह साल पहले होती तो आज की पीढ़ी को इतनी बड़ी कीमत नहीं चुकानी पड़ती।” उन्होंने जनता से अपील की कि इस अभियान में सहयोग दें ताकि आने वाले वर्षों में दिल्ली को एक स्वच्छ और हरित राजधानी के रूप में देखा जा सके।
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को वन महोत्सव 2025 की शुरुआत करते हुए इसे राजधानी के पर्यावरण इतिहास में एक नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम सीजन 2’ अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि भावनात्मक और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। कार्यक्रम की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने कभी इस तरह के अभियान को महत्व नहीं दिया और न ही पर्यावरण की रक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाए। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हर दिल्लीवासी इस हरित क्रांति का हिस्सा बने।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 2025 का वन महोत्सव केवल सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि जन-आंदोलन बनकर उभरेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि इस अभियान में दिल्ली का हर नागरिक अपना योगदान देगा और एक वृक्ष अपनी मां के नाम पर अवश्य लगाएगा। उन्होंने इसे दिल्ली के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ठोस पहल बताया। रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता को इस महोत्सव के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि पर्यावरण की रक्षा अब केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।