12 हजार कर्मचारियों को पक्का करने में क्यों रोड़ा अटका रही BJP: अंकुश नारंग, AAP
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (02 जुलाई 2025): एमसीडी में कार्यरत 12 हजार अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि “आप” सरकार ने फरवरी-मार्च में ही इन कर्मचारियों को पक्का करने का प्रस्ताव सदन में पास करा दिया था और उनके वेतन के लिए 800 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान भी किया गया था। इसके बावजूद भाजपा शासित एमसीडी जानबूझकर इन कर्मचारियों को पक्का नहीं कर रही है।
नारंग ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं और अधिकारियों की दलालों से सेटिंग है, जो कर्मचारियों से लाखों रुपये की रिश्वत लेकर उन्हें पक्का करवाने का वादा करते हैं। उन्होंने सिंगल विंडो सिस्टम की मांग की, ताकि कर्मचारी सीधे आवेदन देकर इस भ्रष्ट तंत्र से बच सकें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि एमसीडी के सफाई कर्मचारियों में से कई 1998 से सेवा दे रहे हैं, फिर भी आज तक पक्के नहीं हुए हैं। “हाउस से प्रस्ताव पास हो गया, बजट स्वीकृत हो गया, सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन भी है कि 240 दिन सेवा देने वाले कर्मचारियों को पक्का किया जाए – फिर भी बीजेपी बहानेबाज़ी कर रही है,” नारंग ने कहा।
उन्होंने मेयर राजा इकबाल सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दो महीने बीतने के बावजूद मेयर ने कभी सफाई कर्मचारियों, कूड़े के पहाड़ या कर्मचारी समस्याओं पर कोई बात नहीं की।
अंकुश नारंग की प्रमुख मांगें:
12 हजार कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाए
कर्मचारियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाए
दलालों और भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाए
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन किया जाए
सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को सभी लाभ दिए जाएं
उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा की “चार इंजन की सरकार” होने के बावजूद एमसीडी में ना तो नई भर्ती हो रही है और ना ही पुराने कर्मचारियों को सम्मान मिल रहा है।
“क्या भाजपा सत्ता का सिर्फ सुख भोगना चाहती है या 12 हजार कर्मचारियों के प्रति उसकी कोई संवेदना भी है?” नारंग ने सवाल किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।