अटल सम्मान समारोह: “अटल सम्मान 2024” से सम्मानित होने के बाद क्या बोले HHEA के अध्यक्ष सीपी शर्मा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (20 दिसंबर 2024): नई दिल्ली (20 दिसंबर 2024): भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित “अटल सम्मान समारोह 2024” प्रधानमंत्री संग्रहालय, नई दिल्ली में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, उक्त अवसर विशिष्ट अतिथि के रूप में जयपुर से लोकसभा सांसद मंजू शर्मा, बीजेपी के वरिष्ठ नेता श्याम जाजू, पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण जाटिया, डॉ. अशोक अग्रवाल (चेयरमैन, एलवीएफ), पूर्व सांसद एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, डॉ. एसी राजेश ओझा (महामंडलेश्वर), EPCH के पूर्व चेयरमैन लेखराज माहेश्वरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक आरके वर्मा EPCH एवं देश में समाजसेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कई महान हस्तियों को सम्मानित किया गया। यह समारोह अटल जी की अद्वितीय सोच, उनके नेतृत्व और भारत निर्माण के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करने और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित किया गया था।

“अटल सम्मान 2024” से अलंकृत होने के बाद हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सी. पी. शर्मा ने टेन न्यूज से खास बातचीत में बताया कि “यह अवार्ड केवल मेरा नहीं है, बल्कि हमारी हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सभी सदस्यों का है। हमारे संगठन के सदस्य पूरे भारत से हैं, और हम सब प्रधानमंत्री के विजन ‘विकसित भारत 2047’ को साकार करने के लिए काम कर रहे हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि एक्सपोर्टर्स को हर संभव मदद मिले और भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हो।

हमारे प्रेरणास्त्रोत आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी रहे हैं। उनके साथ काम करने का मौका मुझे बहुत कम उम्र में मिला। साथ ही ठाकुर ओंकार सिंह जी के मार्गदर्शन में मुझे हिंदू महासभा में 10 वर्षों तक काम करने का अवसर प्राप्त हुआ। यह अवार्ड लेते समय ऐसा लगता है मानो उनके आशीर्वाद का स्पर्श मिल रहा हो। यह प्रेरणा हमें देश को विकसित बनाने और प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने के लिए एकजुट करती है।

हमारा उद्देश्य है कि घर-घर में एक्सपोर्ट को बढ़ावा मिले और भारत की हर कला व संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान मिले। आज, हमारे साथ 3500 से अधिक लोग जुड़े हैं, जिनमें 33% महिला उद्यमी भी शामिल हैं। हम महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

हमारी एसोसिएशन न केवल एक्सपोर्ट को बढ़ावा देती है, बल्कि घरेलू बाजार (B2C) और व्यावसायिक बाजार (B2B) दोनों को प्रोत्साहित करती है। प्रधानमंत्री जी के कहे अनुसार, यदि 140 करोड़ भारतीय अपने ही देश का सामान खरीदें, तो भारत आर्थिक रूप से और सशक्त हो सकता है। इसलिए, हम गांव-गांव में बनी हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम की वस्तुओं को प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचा रहे हैं।

हमारी परंपरा में रीसाइक्लिंग हमेशा से महत्वपूर्ण रही है। पुराने कपड़ों से नए वस्त्र बनाना, रजाई-गद्दों को दोबारा इस्तेमाल करना, और बेकार चीजों को नई उपयोगिता देना हमारी संस्कृति का हिस्सा था। यह पद्धति थोड़े समय के लिए लुप्त हो गई थी, लेकिन अब हम इसे पुनर्जीवित कर रहे हैं।

मैं अपनी इस उपलब्धि का श्रेय भारत की संस्कृति और अपने प्रेरणास्त्रोतों को देता हूं। हमारे पूर्वजों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने हमें यह आजादी दी है, और मैं चाहता हूं कि हर नागरिक अपने व्यवसाय और परिवार के साथ थोड़ा समय समाज और प्रकृति के लिए भी निकाले। यदि हम अपने जीवन का एक हिस्सा सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित करेंगे, तभी हमारा देश आगे बढ़ेगा।”

अटल सम्मान समारोह 2024 पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के योगदान को समर्पित एक प्रेरणादायक आयोजन रहा। इस समारोह ने न केवल उनके विचारों और नेतृत्व को सम्मानित किया, बल्कि देश के विकास और समाज कल्याण के प्रति उनके दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया। विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। यह समारोह अटल जी के आदर्शों को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बना।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।