दिल्ली में पुराने वाहनों की नो एंट्री!, LoP आतिशी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली, (2 जुलाई 2025): दिल्ली में 10 से 15 साल पुरानी गाड़ियों पर फ्यूल बैन के फैसले को लेकर आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष आतिशी ने बीजेपी सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने इस फैसले को जनविरोधी, गैरकानूनी और कॉर्पोरेट हितैषी करार देते हुए कहा कि यह सीधे-सीधे कार और टू-व्हीलर कंपनियों को फायदा पहुंचाने की साज़िश है।

आतिशी ने कहा, “बीजेपी की दिल्ली सरकार ने एक ऐसा फरमान निकाला है जिससे करीब 60 लाख वाहन हटाने की नौबत आ गई है। इनमें से 40 लाख दोपहिया वाहन हैं। लोग इनसे रोज़गार और ऑफिस आते-जाते हैं, बुजुर्ग इन्हें लोकल आवागमन के लिए इस्तेमाल करते हैं। गरीब लोग सेकेंड हैंड गाड़ियां खरीदते हैं। अब वे क्या करेंगे?”

उन्होंने कहा कि केवल वाहन की उम्र को प्रदूषण का आधार बनाना वैज्ञानिक नहीं है। “कई गाड़ियां तो 3 लाख किलोमीटर तक चल चुकी होती हैं, जबकि कुछ गाड़ियां 15 साल में भी 50 हज़ार किलोमीटर नहीं चलतीं। अगर वाहन अच्छी स्थिति में है, तो उम्र से उसका कोई लेना-देना नहीं होना चाहिए,” आतिशी ने तंज कसते हुए कहा, “ये सरकार चल रही है या फुलेरा?”

आतिशी ने आरोप लगाया कि यह फैसला ऑटोमोबाइल कंपनियों को बड़ा आर्थिक फायदा पहुंचाने के लिए लिया गया है। “62 लाख वाहन हटेंगे तो उतने ही नए वाहन खरीदने पड़ेंगे। क्या बीजेपी बताएगी कि पिछले 5 वर्षों में वाहन कंपनियों ने उन्हें कितने करोड़ का चंदा दिया है?”

उन्होंने आगे कहा, “जब सुप्रीम कोर्ट ने हमारी चुनी हुई सरकार को अधिकार दिए थे, तब बीजेपी ने 9 दिन में अध्यादेश लाकर उसे पलट दिया था। अब जब जनता परेशान है, तो ये 4 इंजन वाली सरकार कानून क्यों नहीं ला सकती?”

साथ ही, आतिशी ने बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा के बयान पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “बीजेपी चुनाव से पहले झुग्गियों में प्रवास करती है और बाद में वहीं बुलडोजर चलवाती है। पूर्वांचल के लोगों को रोहिंग्या और बांग्लादेशी कहना शर्मनाक है। बिहार की जनता इसका जवाब जरूर देगी।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।