बांग्लादेश में हिंदू लड़की से दरिंदगी पर सियासी तकरार, सिरसा बोले – AAP की चुप्पी शर्मनाक
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (29 जून 2025): दिल्ली के पर्यावरण मंत्री और भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने बांग्लादेश में एक हिंदू लड़की के साथ हुए जघन्य बलात्कार और वीडियो बनाने की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। सिरसा ने कहा कि यह अत्यंत शर्मनाक है कि जब बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की अवैध झुग्गियों को कानूनी रूप से हटाया जाता है, तब अरविंद केजरीवाल और AAP नेता केवल वोटबैंक की राजनीति के लिए शोर मचाते हैं। लेकिन जब एक मासूम हिंदू लड़की के साथ बर्बरता होती है, तो वे पूरी तरह चुप्पी साध लेते हैं।
सिरसा ने कहा कि “यह दोहरा मापदंड अब बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मानवाधिकार की दुहाई देने वालों को तब भी आवाज़ उठानी चाहिए जब पीड़िता हिंदू अल्पसंख्यक हो और अपराध सीमा पार हुआ हो।” उन्होंने आरोप लगाया कि AAP नेताओं की चुप्पी दिखाती है कि उनकी संवेदना सिर्फ राजनीतिक लाभ और विशेष समुदाय के वोटों तक सीमित है। भाजपा नेता ने कहा कि यह घटना न केवल क्रूरता की पराकाष्ठा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी चिंता का विषय बननी चाहिए।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने भारत सरकार से अपील की कि वह इस गंभीर मुद्दे को बांग्लादेश सरकार के सामने कड़ी और निर्णायक भाषा में उठाए। उन्होंने कहा कि “हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों को अनदेखा करना अब संभव नहीं है। ऐसे अपराधों को नज़रअंदाज़ करना भारत और समूचे हिंदू समाज का अपमान है।” उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से भी मांग की कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और दोषियों को सख्त सज़ा दिलाने की दिशा में दबाव बनाएं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।