“झुग्गी तोड़ोगे तो PM आवास में करेंगे कब्जा”: जंतर मंतर से आप नेताओं का ऐलान
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली, (29 जून 2025): दिल्ली में घर और रोजगार बचाने के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। ‘झुग्गी बचाओ आंदोलन’ के मंच से आप के वरिष्ठ नेताओं ने बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ हुंकार भरते हुए कहा कि जब तक एक सांस बाकी है, तब तक गरीबों के घर टूटने नहीं देंगे।
नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, “हमें लाठी खानी पड़े, लेकिन हम घरों को टूटने नहीं देंगे। खून का आखिरी कतरा भी आम आदमी पार्टी जनता के लिए बहा देगी।” उन्होंने बीजेपी पर “पत्थर दिल” होने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से हजारों परिवार सड़कों पर आ गए हैं।

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पूर्वांचल विरोधी बयानों पर नाराजगी जताते हुए कहा, “जो पूर्वांचलियों को बांग्लादेशी कहते हैं, उनकी जमानत जब्त करानी है। बीजेपी अब भारतीय झूठा पार्टी बन गई है। जब भी जनता को ज़रूरत हुई, अरविंद केजरीवाल खड़े मिले। अब पूरे देश से बीजेपी का सफाया करना है।”
पूर्व पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “अगर गरीबों के घर उजाड़ोगे, तो पीएम कार्यालय से पीएम को बाहर करेंगे। अगर झुग्गियां तोड़ीं, तो PM के घर पर कब्जा करेंगे।”
आम आदमी पार्टी ने एलान किया कि वह किसी भी कीमत पर दिल्ली के गरीबों के घर नहीं उजड़ने देगी। पार्टी के इस आक्रामक रुख से आने वाले दिनों में दिल्ली की राजनीति और गरमाने के आसार हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।