आगरा अर्बन सेंटर के लिए 120 वर्ग किमी में बनेगा मास्टर प्लान | Yamuna Authority
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (26 जून 2025): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने जनपद आगरा के अधिसूचित क्षेत्र में आगरा अर्बन सेंटर के समेकित और सुनियोजित विकास हेतु एक अहम पहल की है। इस उद्देश्य के तहत मास्टर प्लान तैयार करने के लिए निविदा के माध्यम से मैसर्स ट्रैक्टेबेल इंजीनियरिंग प्रा. लि. को परामर्शदाता संस्था के रूप में कार्य आवंटित किया गया, जिसने अब आगरा अर्बन सेंटर के लिए ड्राफ्ट मास्टर प्लान तैयार कर लिया है।
यह ड्राफ्ट मास्टर प्लान लगभग 120 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर करता है, जिसमें कुल 38 ग्राम शामिल हैं। योजना निर्माण में भूमि उपयोग, परिवहन और कनेक्टिविटी, आर्थिक विकास, पर्यावरण और पारिस्थितिकी, सामाजिक अवसंरचना तथा पर्यटन जैसे प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। यह मास्टर प्लान आगरा अर्बन सेंटर के सर्वांगीण विकास के लिए एक सुदृढ़ रूपरेखा प्रदान करेगा।

योजना को सहभागी प्रक्रिया के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 24 जून को आगरा के जेपी पैलेस एवं कन्वेंशन सेंटर में स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन वर्कशॉप आयोजित की गई। इस वर्कशॉप की अध्यक्षता यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह (आई.ए.एस.) ने की।
बैठक में प्राधिकरण के अन्य वरिष्ठ अधिकारी नगेन्द्र प्रताप (आई.ए.एस.), कपिल सिंह (आई.ए.एस.) और शैलेन्द्र कुमार भाटिया (आई.ए.एस.) भी मौजूद रहे। साथ ही आगरा के मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह (आई.ए.एस.) ने भी इस वर्कशॉप में भाग लिया और महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
वर्कशॉप में उपस्थित प्रतिभागियों द्वारा दिए गए सुझावों को महायोजना में सम्मिलित करने पर विचार किया जाएगा। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि ताज ट्रेपिजियम जोन की परिकल्पना के अनुरूप इस मास्टर प्लान को पर्यावरणीय स्थिरता, आर्थिक गतिशीलता और जीवन की गुणवत्ता को केंद्र में रखकर अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।