नोएडा (25 जून 2025): थाना फेस-1 पुलिस और एक कुख्यात मोबाइल व चैन स्नैचर के बीच मंगलवार को मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बदमाश की पहचान अरुण कुमार उर्फ अरुण सागर उर्फ गोलू (33 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय विनोद कुमार, निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
गंदे नाले के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोका गया
घटना सुबह थाना फेस-1 क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-14 के पीछे गंदे नाले की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी, तभी अशोक नगर, दिल्ली की ओर से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर बाइक सवार युवक ने अपनी बाइक मोड़कर तेजी से सेक्टर-16 की ओर गंदे नाले की पटरी पर भागने की कोशिश की।
पीछा करने पर बदमाश ने की फायरिंग
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया, जिसके दौरान बाइक फिसल कर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
भारी मात्रा में बरामदगी, लूट के खुलासे
पुलिस ने मौके से एक तमंचा, .315 बोर का एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पांच चोरी/स्नैच किए गए मोबाइल फोन, एक गले हुए पीली धातु की चैन का टुकड़ा, 10,000 रुपये नकद, और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर DL4SBX6960) बरामद की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने हाल ही में अपने एक साथी के साथ मिलकर नोएडा के सेक्टर-24 और थाना फेस-1 क्षेत्र में चैन और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया था। बरामद सामान भी उन्हीं घटनाओं से संबंधित है।
गिरोह का पर्दाफाश, दूसरा आरोपी फरार
एडीसीपी नोएडा सुमित कुमार शुक्ला ने बताया, फेस-1 थाना पुलिस की सतर्कता से एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अरुण सागर उर्फ गोलू के पास से तमंचा, कारतूस, पांच मोबाइल, चैन का टुकड़ा और 10,000 रुपये नकद बरामद हुए हैं। आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने आगे बताया कि अरुण अपने साथी नीरज के साथ मिलकर घटनाओं को अंजाम देता था। ये दोनों चोरी की दो मोटरसाइकिल—टीवीएस अपाचे और पल्सर—का इस्तेमाल करके अपनी पहचान छिपाकर स्नैचिंग करते थे। नीरज अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है।
घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और बरामद सामान की पहचान के लिए पीड़ितों से संपर्क किया जा रहा है। इस मुठभेड़ ने एक सक्रिय स्नैचिंग गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता दिलाई है और जल्द ही इसके फरार साथी की भी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।