नई दिल्ली (25 जून 2025): दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आपातकाल की 50वीं बरसी पर बुधवार को एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने कहा कि यह प्रदर्शनी न केवल इतिहास की पुनरावृत्ति है, बल्कि लोकतंत्र पर मंडराते खतरों को पहचानने की एक चेतावनी भी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदर्शनी को ‘संविधान हत्या दिवस’ की सजीव स्मृति बताते हुए कहा कि यह दिन उन लोकतंत्र सेनानियों को समर्पित है जिन्होंने 1975 में कांग्रेस की तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा, “यह आंदोलन केवल राजनीतिक नहीं था, यह भारत की आत्मा की रक्षा का संग्राम था।” उन्होंने जोर देकर कहा कि जब भी लोकतंत्र पर खतरा मंडराएगा, देश की जनता एकजुट होकर उसकी रक्षा करेगी।

प्रदर्शनी में आपातकाल के दौरान जनता पार्टी के आंदोलन, नेताओं की गिरफ्तारी, सेंसरशिप, मानवाधिकार हनन और नागरिक स्वतंत्रताओं के उल्लंघन से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज और तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि “जो दस्तावेज कभी सार्वजनिक नहीं हुए, उन्हें पहली बार जनता के सामने लाया गया है।” उनका कहना था कि यह प्रदर्शनी आने वाली पीढ़ियों को लोकतंत्र के मूल्य और उसकी रक्षा के संघर्ष को समझाने के लिए महत्वपूर्ण है।

नेताओं ने इस मौके पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि सत्ता के लालच में की गई संवैधानिक हत्या को देश कभी नहीं भूलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदर्शनी लोकतंत्र को कमजोर करने वाली मानसिकता के लिए एक स्पष्ट संदेश है। उन्होंने आह्वान किया कि देश के हर नागरिक को लोकतंत्र की रक्षा के लिए सतर्क रहना होगा, ताकि फिर कभी ऐसा काला अध्याय न दोहराया जा सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।