नई दिल्ली (19 दिसंबर 2024): आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को भाजपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा संसद में दिए गए बयान ने बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि जो बाबा साहब से प्यार करता है, वह भाजपा को पूरी तरह नकार दे।
केजरीवाल ने मंदिर मार्ग स्थित भगवान बाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “मैं बाबा साहब अंबेडकर को अपना आदर्श मानता हूं। अमित शाह ने जिस लहजे में बाबा साहब के बारे में बात की, वह उनके प्रति गहरी नफरत को दर्शाता है। उनके इस बयान का समर्थन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह साबित कर दिया कि भाजपा बाबा साहब के विचारों का समर्थन नहीं करती।”

भाजपा पर गंभीर आरोप
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बाबा साहब आधुनिक भारत के भगवान हैं, और भाजपा ने उनके अपमान की हर सीमा लांघ दी है। उन्होंने कहा, “अगर बाबा साहब ने दलितों, पिछड़ों और गरीबों को वोट का अधिकार नहीं दिलाया होता, तो भाजपा झुग्गियों में जाकर फोटो खिंचवाने की नौटंकी भी नहीं करती। ये लोग दलितों को सिर्फ चुनावी वोट बैंक समझते हैं।”
आप सांसद संजय सिंह ने कहा, “भाजपा और आरएसएस हमेशा से बाबा साहब और उनके विचारों के विरोधी रहे हैं। 1949 में जब संविधान पारित हुआ, तब आरएसएस ने इसका विरोध किया था। अमित शाह और मोदी का रवैया इसी मानसिकता का परिणाम है। दिल्ली के लोग इस अपमान का बदला लेंगे।”
केजरीवाल ने दिलाई शपथ
केजरीवाल ने सभा में मौजूद लोगों को भाजपा का विरोध करने और बाबा साहब के संविधान की रक्षा करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा, “यह लड़ाई विचारधाराओं की है। अब वक्त आ गया है कि हर कोई तय करे कि वह बाबा साहब के साथ है या भाजपा के।”
बाबा साहब के सम्मान में आप सरकार के कदम
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि उनकी सरकार ने दिल्ली और पंजाब में सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में बाबा साहब अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें लगाना अनिवार्य किया है। उन्होंने कहा, “हमने दिल्ली के सरकारी स्कूलों में संविधान पढ़ाना शुरू किया है, ताकि बच्चे बाबा साहब के जीवन और योगदान से प्रेरणा ले सकें।”
दिल्ली के दलितों से भाजपा का बहिष्कार करने की अपील
दिल्ली सरकार के मंत्री मुकेश अहलावत ने कहा, “भाजपा ने हमारे भगवान बाबा साहब का अपमान किया है। मेरी सभी दलित भाइयों से अपील है कि इस बार भाजपा को नकार दें। बाबा साहब ने जो अधिकार हमें दिए हैं, भाजपा उन्हें छीनने की साजिश कर रही है।”

भाजपा की कथनी और करनी पर सवाल
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के नेता चुनाव के दौरान दलितों के घर खाना खाने जाते हैं, लेकिन यह महज दिखावा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता दलितों और पिछड़ों के साथ बैठना तक पसंद नहीं करते।
सभा का समापन
सभा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान “आप” के नेता और कार्यकर्ताओं ने एक सुर में भाजपा के खिलाफ आवाज बुलंद की और बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।