सलारपुर गांव में भाकियू (लोकशक्ति) की बैठक सम्पन्न, ज़ोरदार प्रदर्शन की तैयारी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (23 जून 2025): ग्रेटर नोएडा के सलारपुर गांव में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) की एक अहम बैठक हुई। यह बैठक संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रताप नागर के आवास पर सम्पन्न हुई, जिसमें किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्योराज सिंह ने की। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के अनावश्यक चालान काटे जा रहे हैं, जिससे किसान वर्ग में भारी आक्रोश है। उन्होंने बताया कि इस अन्याय के विरोध में संगठन 28 जुलाई को ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर तीनों प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा, नोएडा और यमुना प्राधिकरण तथा यातायात पुलिस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगा।

बैठक में वक्ताओं ने यमुना प्राधिकरण (Yamuna Authority) क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने मांग की कि यमुना प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले सभी किसानों को उनके क्षेत्र के अनुसार ‘पुश्तैनी किसान’ माना जाए, ताकि वे मुआवजे और अन्य लाभों के लिए पात्र बन सकें।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने मांग की कि जिन किसानों को अब तक अतिरिक्त मुआवजा और विकसित भूखंड नहीं मिल सके हैं, उन्हें शीघ्र ही यह सुविधा प्रदान की जाए। संगठन ने यह भी आग्रह किया कि जिले में रह रहे सभी लोगों को ‘घरौनी’ (आवासीय दस्तावेज) (Residential documents) जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें स्थायी निवास का कानूनी अधिकार मिल सके।

इस बैठक में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे, जिनमें सहदेव मलिक, प्रमोद शर्मा, विनोद चौधरी, रविन्द्र चौधरी, उदयभान मलिक, ओमदत्त चौहान, अरुण चौधरी, मोहित शर्मा, अहमद खां और नरसिंह पाल मीणा प्रमुख रूप से मौजूद थे।

भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने स्पष्ट किया है कि अगर किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है। संगठन आने वाले दिनों में विभिन्न गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान इस आंदोलन से जुड़ सकें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।