दिल्ली में नाइजीरियाई ड्रग तस्कर गिरफ्तार, अवैध रूप से कर रहा था नशे की सप्लाई
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (22 जून 2025): राजधानी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ दिल्ली पुलिस (Delhi Police) का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो न सिर्फ अवैध रूप से दिल्ली में रह रहा था बल्कि विदेश से लाकर मादक पदार्थों की सप्लाई भी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 20.80 ग्राम एमडी एम्फेटामाइन ड्रग बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) राजीव रंजन ने जानकारी दी कि ड्रग्स के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निरीक्षक अजय कुमार यादव के नेतृत्व में गठित टीम को 19 जून को एक ड्रग सप्लायर के इलाके में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद विजय विहार स्थित छठ घाट पार्क में पुलिस ने घेराबंदी की। वहां एक नाइजीरियाई युवक संदिग्ध हालत में घूमता दिखा, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान 31 वर्षीय एमेका मार्वलस के रूप में हुई है, जो दिल्ली के मालवीय नगर में रह रहा था। जब उसके दस्तावेजों की जांच की गई, तो पता चला कि उसका वीजा एक साल पहले ही समाप्त हो चुका है और वह दिल्ली में अवैध रूप से रह रहा था। आरोपी नशीले पदार्थ विदेश से लाकर दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई कर रहा था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन-किन इलाकों में ड्रग्स सप्लाई करता था और उसके साथ कौन-कौन शामिल है। पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।