जमालपुर गांव में परिवार पर फायरिंग का मामला: चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (22 जून 2025): गौतमबुद्ध नगर जनपद के दनकौर (Dankaur) कोतवाली क्षेत्र स्थित जमालपुर गांव (Jamalpur Village) में एक परिवार पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से दो देसी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और लाठी-डंडे बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
घटना 19 जून की रात की बताई जा रही है। पीड़ित यशपाल भाटी के अनुसार, उनके पड़ोसी शिवम का उनके भाई से पूर्व में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। उसी रंजिश के चलते, शिवम अपने चार साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर उनके घर आ धमका। यशपाल का कहना है कि परिवार को देखते ही आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। संयोगवश, इस हमले में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।
हमलावरों ने यहीं नहीं रुके। उन्होंने घर के मुख्य गेट को लोहे की रॉड से तोड़ डाला और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों—शिवम (निवासी जमालपुर), सुमित खेरली, अभिषेक (निवासी राजपुर कला) और रिक्की (निवासी चिंडावली)—को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से ही आपराधिक रिकार्ड दर्ज है और ये असामाजिक गतिविधियों (AntiSocial Activity) में लिप्त रहे हैं। शनिवार शाम पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है, और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमले के पीछे कोई और बड़ी साजिश तो नहीं थी। ग्रामीणों में इस घटना के बाद भय का माहौल है, हालांकि पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।