कमला नगर में निकली भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, सीएम रेखा गुप्ता हुईं शामिल
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (22 जून 2025): दिल्ली के कमला नगर क्षेत्र में रविवार को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उल्लास के साथ भाग लिया। यह पावन यात्रा गीता भवन और पंचायती भवन के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुई। भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रथ को रस्सों से खींचते हुए लोगों ने “जय जगन्नाथ” के उद्घोष के साथ राजधानी की सड़कों को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा (Rekha Gupta) गुप्ता ने भी इस रथ यात्रा में हिस्सा लिया और भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “आज कमला नगर में गीता भवन और पंचायती भवन ने बहुत ही सुंदर जगन्नाथ यात्रा का आयोजन किया है। इसमें हजारों श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं… मैं दिल्ली के लोगों को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की बधाई देती हूं। भगवान जगन्नाथ की कृपा दिल्ली और देश पर बनी रहे।” मुख्यमंत्री ने भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए पूरे समाज के कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस प्रकार की रथ यात्राएं केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली आध्यात्मिक कड़ियां हैं। उन्होंने रथ खींचने के अनुभव को आत्मिक शांति, ऊर्जा और आनंद से भरपूर बताते हुए कहा कि यह परंपरा समाज सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। ऐसी यात्राएं हमें सेवा, समर्पण और त्याग की प्रेरणा देती हैं और सनातन संस्कृति की गहराइयों से जोड़ती हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे संयम, सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और सनातन परंपराओं की जीवंत मिसाल है, जो हमें आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक दायित्व निभाने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और भजन-कीर्तन की गूंज ने वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।