नोएडा ‘सिटी ऑफ अपैरल’ बनने की ओर अग्रसर, 65,000 करोड़ रुपये निर्यात का लक्ष्य | Garment Show of India

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (19 दिसंबर 2024): भारत के परिधान और फैशन उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला प्रमुख आयोजन गारमेंट शो ऑफ इंडिया (GSI) के 9वें संस्करण का शुभारंभ आज ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में हुआ। यह दो दिवसीय आयोजन (19-20 दिसंबर) परिधान, फैशन एसेसरीज़, और होम टेक्सटाइल्स के बी2बी सोर्सिंग पर केंद्रित है। कार्यक्रम को हाइब्रिड प्रारूप में आयोजित किया गया, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। आयोजकों गगन मारवाह और दीप्ति मारवाह ने उम्मीद जताई है कि इस कार्यक्रम में 5,000 से अधिक आगंतुक शामिल होंगे।

विशेष अतिथियों की भागीदारी:
इस कार्यक्रम में परिधान उद्योग से जुड़ी जानी-मानी हस्तियां जैसे विनीता गौतम (सीईओ, बेस्टसेलर ग्रुप), अल्पना रजदान (कंट्री मैनेजर, फालाबेला), रितेश शर्मा (रिलायंस इंडस्ट्रीज), जसवीन कौर (सीनियर डायरेक्टर, न्यू टाइम्स ग्रुप) और नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर (NAEC) के अध्यक्ष ललित ठुकराल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

NAEC के अध्यक्ष ललित ठुकराल ने नोएडा को ‘सिटी ऑफ अपैरल’ के रूप में उभरता हुआ बताते हुए शहर के विकास और प्रगति की कहानी साझा की। उन्होंने कहा, “नोएडा पहले एक अनियोजित शहर था, लेकिन आज यह देश के सबसे बड़े परिधान निर्माण केंद्रों में से एक बन चुका है। यहां से 40,000 करोड़ रुपये का निर्यात और 15,000 करोड़ रुपये का घरेलू उत्पादन होता है।”

उन्होंने यह भी बताया कि नोएडा में 2,000 रुपये से लेकर 2 करोड़ रुपये तक की ड्रेस तैयार होती है। यहां बनने वाले कपड़े न केवल भारत बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। हॉलीवुड फिल्मों में इस्तेमाल होने वाले परिधानों का निर्माण भी नोएडा में हो रहा है, जिनकी कीमत $2,500 से $6,000 तक होती है।

नोएडा में 4000 से अधिक परिधान निर्माण इकाइयां काम कर रही हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के मेहनतकश श्रमिकों की बदौलत यह मैन्युफैक्चरिंग हब अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। ठुकराल ने बताया कि अगले दो वर्षों में नोएडा से कुल निर्यात को 65,000 करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य है।

नोएडा में अपैरल पार्क और टेक्सटाइल पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। गोरखपुर में अपैरल पार्क और लखनऊ में टेक्सटाइल पार्क के निर्माण से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा,
“नोएडा परिधान निर्माण के लिए एक आदर्श जगह है, जहां हर प्रकार का कपड़ा, फैब्रिक और श्रम उपलब्ध है।”

ललित ठुकराल ने रिलायंस का जिक्र करते हुए बताया कि उनके लिए भी बड़ी मात्रा में परिधान नोएडा में तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नोएडा अन्य परिधान केंद्रों जैसे बेंगलुरु और त्रिपुरा की तुलना में बेहतर विकल्प प्रदान करता है।

कार्यक्रम के अंत में ठुकराल ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा,
“हमें नोएडा को परिधान उद्योग का वैश्विक केंद्र बनाना है। यह शहर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में परिधान निर्माण के क्षेत्र में विश्व मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।”

इस आयोजन ने नोएडा को ‘सिटी ऑफ अपैरल’ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह शहर न केवल परिधान निर्माण बल्कि देश के औद्योगिक विकास में भी अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।