International Yoga Day: DDU पार्क में स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह, बी.एल. संतोष और वीरेंद्र सचदेवा ने किया योगाभ्यास
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (21 जून 2025): अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में एक प्रेरणादायक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर उपस्थित नागरिकों को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने योग के व्यापक महत्व को रेखांकित करते हुए इसे जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति बताया। उन्होंने कहा कि योग सिर्फ शरीर को लचीला बनाने का व्यायाम नहीं है, बल्कि यह तन, मन और आत्मा की शुद्धि का प्रभावी माध्यम है। “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” की थीम को लेकर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से हम प्रकृति, पर्यावरण और समस्त जीवन के साथ संतुलन स्थापित कर सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। यह भारत की सांस्कृतिक धरोहर के लिए एक ऐतिहासिक क्षण था और यह पूरे देशवासियों के लिए गर्व की बात है।
सभी नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं और एक स्वस्थ, सुखी एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दें। योग के नियमित अभ्यास से न केवल शारीरिक रोगों से मुक्ति मिलती है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, योग प्रशिक्षक, छात्र और समाजसेवी उपस्थित रहे। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, ध्यान और विभिन्न आसनों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया गया।
“योग करें, निरोग रहें – स्वस्थ भारत, सशक्त भारत।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।