मोदी सरकार के 11 साल: आत्मविश्वास, विकास और वैश्विक नेतृत्व का युग- सांसद बांसुरी स्वराज
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (20 जून 2025): भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद बांसुरी स्वराज (MP Bansuri Swaraj) ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस (Press Conference) के दौरान मोदी सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को राष्ट्र निर्माण का ऐतिहासिक दौर बताया। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत ने न केवल विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी देश की प्रतिष्ठा में जबरदस्त इज़ाफा हुआ है।
बांसुरी स्वराज ने जोर देकर कहा कि 2014 से पहले का भारत और आज का भारत पूरी तरह बदल चुका है। विदेशों में अब भारतीय नागरिकों को गर्व और सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक बड़ी क्रांति आई है, चाहे वो सड़कें हों, ब्रिज हों या स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स। विशेष रूप से चिनाब ब्रिज जैसे विशाल निर्माण कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये न सिर्फ विकास के प्रतीक हैं, बल्कि भारत के आत्मसम्मान और मनोबल का भी परिचायक हैं।
कश्मीर के हालात पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि 2014 से पहले तिरंगा फहराना भी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन आज हम गर्व से देख सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी खुद चिनाब ब्रिज पर तिरंगा फहराते नजर आते हैं। यह दर्शाता है कि अब भारत किसी भी चुनौती से पीछे हटने वाला नहीं है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर बांसुरी स्वराज ने कहा कि सरकार की स्पष्ट नीति है, आतंकवाद और नक्सलवाद पर जीरो टॉलरेंस। उन्होंने बताया कि 2026 तक देश को नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है और अब तक 60 से अधिक जिले नक्सलवाद से मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के हर हमले का सेना ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मुंहतोड़ जवाब दिया है चाहे वह सर्जिकल स्ट्राइक हो या हाल ही में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ “ऑपरेशन सिंदूर”।
कूटनीतिक मोर्चे पर भी मोदी सरकार की नीति की तारीफ करते हुए बांसुरी स्वराज ने बताया कि भारत ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी दलों के सांसदों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि हर दल के सांसदों ने एक स्वर में भारत की एकता और अखंडता की बात की, जो वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत छवि को दर्शाता है।
कोविड-19 महामारी के दौरान सरकार की नीति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने न केवल अपने नागरिकों को सुरक्षा दी, बल्कि वैक्सीन मैत्री अभियान के तहत कई देशों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराई, जो उन देशों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं थी।
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सिर्फ तेज़ी से विकास नहीं कर रहा, बल्कि वैश्विक मंच पर एक जिम्मेदार शक्ति के रूप में उभर रहा है। बीते 11 वर्षों में बदलाव सिर्फ नीतियों में नहीं आया है, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, दृष्टिकोण और वैश्विक सोच में ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिला है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।