अंबेडकर विवाद पर शाह की सफाई के बाद भी संसद में हंगामा, BJP सांसदों का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 दिसंबर 2024): संसद के शीतकालीन सत्र का 19वां दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। डॉ. भीमराव आंबेडकर के अपमान को लेकर उठे विवाद पर गृह मंत्री अमित शाह की सफाई के बावजूद संसद परिसर और सदन के भीतर सियासी तनाव बरकरार है। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने बुधवार को शाह के बयान को लेकर माफी की मांग की, जबकि बीजेपी सांसदों ने संसद के बाहर कांग्रेस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

संसद में जय भीम और माफी मांगो के नारे

इस मुद्दे पर मंगलवार को भी दोनों सदनों में भारी हंगामा हुआ था। विपक्षी सांसदों ने जय भीम और माफी मांगो के नारे लगाते हुए सरकार को घेरने की कोशिश की। हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी। विपक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर आरोप लगाया कि यह आंबेडकर के सम्मान के खिलाफ है और इससे समाज में गलत संदेश गया है।

अमित शाह की सफाई और कांग्रेस पर हमला

बुधवार शाम अमित शाह ने बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनके बयान को कांग्रेस ने जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया है। शाह ने कहा कि उन्होंने आंबेडकर के प्रति हमेशा सम्मान व्यक्त किया है और उनके बयान को गलत संदर्भ में लिया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री रिजिजू का पलटवार

राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल 10-12 सेकंड की वीडियो क्लिप दिखाकर देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विवाद खड़ा कर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है।

BJP का कांग्रेस पर जवाबी प्रदर्शन

सदन के बाहर बीजेपी सांसदों ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया और विपक्ष पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। बीजेपी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस हमेशा आंबेडकर के विचारों के खिलाफ रही है और अब बीजेपी को बदनाम करने के लिए यह मुद्दा उछाल रही है।

सियासी गतिरोध जारी

हालांकि, दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच संसद का कामकाज पूरी तरह ठप है। हंगामे और विरोध प्रदर्शनों के कारण सत्र में कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पा रही है। इस मुद्दे पर सियासी टकराव कब खत्म होगा, यह अभी साफ नहीं है।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।