यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: दो दोस्तों को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (19 जून 2025): यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें दो दोस्तों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई। नोएडा में एक डिलीवरी कंपनी में कार्यरत आलोक शर्मा और प्रियांशु शर्मा रोज की तरह बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में आलोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची इमरजेंसी टीम ने दोनों को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल (Kailash Hospital) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रियांशु की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।

मृत युवक की पहचान आलोक शर्मा, पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी मोहल्ला बुंदेला चौक, जेवर के रूप में हुई है। घायल प्रियांशु शर्मा मोहल्ला कानूनगोयान, जेवर का रहने वाला है। दोनों बचपन के दोस्त हैं और हाल ही में आलोक के कहने पर प्रियांशु ने भी उसी डिलीवरी कंपनी में नौकरी ज्वाइन की थी। बुधवार को दोनों हमेशा की तरह साथ निकले थे लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

इस हादसे ने आलोक के परिवार को एक बार फिर गहरे सदमे में डाल दिया है। आलोक के पिता राजकुमार शर्मा ने बताया कि पिछले डेढ़ साल में यह उनके परिवार में चौथी मौत है। पहले भतीजे के पति की मृत्यु हुई, फिर छोटे भाई और फिर पिता का निधन हुआ। अब बेटे की असमय मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। उन्होंने बताया कि आलोक की शादी इसी साल नवरात्र में होनी थी, गोद भराई की रस्म भी पूरी हो चुकी थी और पूरा परिवार विवाह की तैयारियों में जुटा था। लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं।

हादसे की सूचना मिलने पर थाना दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।