‘अरोड़ा बन नहीं सकता रोड़ा’- CM रेखा गुप्ता के बयान पर बवाल, AAP ने की माफी की मांग

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली, (16 जून 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा अरोड़ा समाज को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर सियासी घमासान मच गया है। आम आदमी पार्टी ने इस बयान को समाज विशेष का अपमान बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने सीएम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि “रेखा गुप्ता का बयान न केवल असंवैधानिक है, बल्कि पंजाबी और अरोड़ा समाज का सीधा अपमान है।”

सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंकुश नारंग ने कहा कि पंजाब में चुनाव प्रचार के दौरान रेखा गुप्ता ने कहा, “झाड़ू वाले का जो अरोड़ा है, वो बन नहीं सकता रोड़ा,” — यह कथन बेहद निंदनीय है और पूरे समाज को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि अरोड़ा कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक समाज है जो देश के विभाजन के समय पंजाब और सिंध से विस्थापित होकर दिल्ली में बसा था।

नारंग ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दिल्ली के विधानसभा चुनावों में पंजाबी समाज ने भाजपा को खुलकर समर्थन दिया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद वही समाज अब मुख्यमंत्री के शब्दों का शिकार हो रहा है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “रेखा गुप्ता को समाज की विविधता और सम्मान का कोई बोध नहीं है। अगर उनमें नैतिकता बची है तो वे पूरे अरोड़ा समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।”

प्रेस वार्ता के दौरान करोलबाग जोन के चेयरमैन पुनीत राय और पार्टी नेता वरुण राज सिंह भी उपस्थित रहे।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो समाज के लोग सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।