दिल्ली में बारिश के बाद भी गर्मी बरकरार, तेज हवाओं ने दी राहत की उम्मीद

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 जून 2025): दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को तेज हवाओं और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन गर्मी की तीव्रता अब भी कायम है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के अनुसार राजधानी में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई थी, जो कुछ हद तक सही साबित हुई। हालांकि बारिश और हवाएं अधिक देर तक प्रभावी नहीं रहीं, जिससे मौसम में बड़ा बदलाव नहीं आया। नमी बढ़ने से उमस ने परेशानी और बढ़ा दी है, जिससे लोगों को बारिश के बाद भी पसीने छूटते नजर आए।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आने वाले दिनों में भी मौसम कुछ हद तक बदला-बदला रहेगा। 16 से 20 जून के बीच तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश की संभावना है। कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि आंधी के दौरान यह रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी है। हालांकि इसके बावजूद अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जिससे पूरी तरह राहत की उम्मीद नहीं की जा रही है।

बारिश का यह दौर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से शुरू हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 16 जून से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर में 20 जून तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। हालांकि ये मौसमी बदलाव गर्मी को पूरी तरह खत्म नहीं कर पाएंगे, लेकिन तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर देखने को मिलेगी। साथ ही इस विक्षोभ के असर से जून के आखिरी दिनों में मॉनसून की दस्तक का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।

अगले सप्ताह का मौसम भी कुछ-कुछ इसी रुख पर चलने वाला है। 16, 18, 19 और 20 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। 17 से 20 जून के दौरान हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है, जिससे मौसम थोड़ा सुहावना हो सकता है, लेकिन उमस और तापमान के कारण गर्मी की पकड़ अब भी काफी मजबूत बनी रहेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।